छात्रों-युवाओं के साथ अन्याय हुआ तो सड़क पर उतरेगी कांग्रेस:छात्र नेताओं से कांग्रेस का संवाद कार्यक्रम, अजय राय बोले, छात्रों की लड़ाई मेरी लड़ाई

Sep 27, 2026 - 19:59
0
छात्रों-युवाओं के साथ अन्याय हुआ तो सड़क पर उतरेगी कांग्रेस:छात्र नेताओं से कांग्रेस का संवाद कार्यक्रम, अजय राय बोले, छात्रों की लड़ाई मेरी लड़ाई
उत्तर प्रदेश के सामाजिक, शैक्षणिक और राजनीतिक परिदृश्य में युवाओं की भूमिका को लेकर कांग्रेस ने छात्र नेताओं के साथ संवाद किया। जनेश्वर मिश्रा पार्क के गेट नंबर-5 स्थित द वेनेशन गार्डन में आयोजित ‘छात्र नेताओं के साथ संवाद’ कार्यक्रम में विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों के वर्तमान एवं पूर्व छात्रसंघ अध्यक्षों, पदाधिकारियों और छात्र नेताओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने की। एआईसीसी के यूपी प्रभारी राजेन्द्र पाल गौतम ने कहा कि लखनऊ में विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों के वर्तमान एवं पूर्व छात्रसंघ अध्यक्षों, पदाधिकारियों और छात्र नेताओं से संवाद का अवसर मिला। देश और प्रदेश के भविष्य को दिशा देने में युवाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि युवाओं की आवाज सुनना, उनके विचारों को समझना और उन्हें लोकतांत्रिक एवं सामाजिक भागीदारी के साथ आगे बढ़ने का अवसर देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि संवाद से विचार, विचार से भागीदारी और भागीदारी से परिवर्तन की दिशा तैयार होती है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने छात्र नेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी छात्र नेता या छात्र के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। छात्रों और युवाओं की लड़ाई को अपनी लड़ाई बताते हुए उन्होंने कहा कि उनकी पीड़ा कांग्रेस की पीड़ा है। अजय राय ने कहा कि विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों से निकले छात्र नेता आगे चलकर समाज और राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने पूर्व छात्रसंघ पदाधिकारियों से कहा कि आप लोग देश और प्रदेश की ऊर्जा हैं। आप समाज को दिशा देने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि अगर कहीं भी छात्रों या युवाओं का उत्पीड़न होता है तो कांग्रेस उनके हितों की रक्षा के लिए सड़क पर उतरने से पीछे नहीं हटेगी। पुराने छात्र नेताओं को फिर एक मंच पर लाने की कोशिश कांग्रेस के इस कार्यक्रम में छात्र राजनीति से जुड़े पुराने चेहरों के साथ नए छात्र नेताओं को भी आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के सैकड़ों पूर्व छात्रसंघ पदाधिकारियों और छात्र नेताओं ने हिस्सा लिया और अपने विचार रखे। कार्यक्रम के आयोजकों के मुताबिक, इसका उद्देश्य छात्र राजनीति से जुड़े पुराने अनुभवों और मौजूदा समय की चुनौतियों को एक मंच पर लाना था। छात्र नेताओं के साथ संवाद के जरिए शिक्षा, रोजगार, युवाओं की राजनीतिक एवं सामाजिक भागीदारी और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। बीएचयू और इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पूर्व अध्यक्ष भी पहुंचे कार्यक्रम में बीएचयू के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अनिल श्रीवास्तव, इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष संजय तिवारी समेत कई प्रमुख छात्र नेता मौजूद रहे। इनके अलावा ब्रजेश सिंह गाट, प्रदीप सिंह एडवोकेट, मनोज तिवारी, देवेन्द्र सिंह, राम अवध यादव, ओम प्रकाश पाण्डेय, राघवेन्द्र सिंह और विशाल राजपूत समेत कई पूर्व छात्रसंघ पदाधिकारियों ने कार्यक्रम में भाग लिया। पूर्व कांग्रेस पदाधिकारियों ने किया आयोजन छात्र नेताओं के साथ संवाद कार्यक्रम का आयोजन जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह, पूर्व प्रदेश सचिव राजेश सिंह, युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तरुण पटेल और आशीष दीक्षित की ओर से किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने छात्र राजनीति को लोकतांत्रिक भागीदारी की अहम कड़ी बताते हुए युवाओं के साथ निरंतर संवाद की जरूरत पर जोर दिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User