छठ घाट पर गंदगी और गड्ढा देखकर नगर आयुक्त नाराज:बोले- सभी कमियां तत्काल दूर करें; सफाई-रोशनी और सुरक्षा के होंगे पुख्ता इंतजाम
गोरखपुर में छठ पर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। घाटों पर बैरिकेडिंग, सफाई और प्रकाश व्यवस्था के साथ ही वहां तक पहुंचने वाले रास्तों को भी दुरुस्त कराया जाएगा। गुरुवार को नगर आयुक्त अजय जैन ने डोमिनगढ़ घाट, सूरजकुंड पोखरा, मानसरोवर मंदिर स्थित पोखरा, गोरखनाथ मंदिर के भीम सरोवर और महेशरा घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान कई जगह गंदगी, पोखरे की सीढ़ियों पर काई और पहुंच मार्गों पर गड्ढे मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। अधिकारियों को सभी कमियां तत्काल दूर कराने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने सूरजकुंड ओवरब्रिज के नीचे और घाट की ओर जाने वाले रास्तों पर गड्ढे मिलने पर अधिशासी अभियंता को गुरुवार से ही पैचवर्क शुरू कराने को कहा। वहीं, घाटों पर श्रद्धालुओं के फिसलने और पानी में गिरने की आशंका को देखते हुए सीढ़ियों पर रस्सी बांधने और नदी के किनारे बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि छठ पर्व के दौरान घाटों पर सुरक्षा और सफाई में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। डोमिनगढ़ में नदी किनारे होगी बैरिकेडिंग, बाढ़ की गंदगी हटेगी निरीक्षण के दौरान डोमिनगढ़ घाट पर जेसीबी से किनारे का काम कराया जा रहा था। नगर आयुक्त ने नदी की ओर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मजबूत बैरिकेडिंग कराने का निर्देश दिया। बाढ़ के बाद नदी किनारे जमा हुई गंदगी को भी पूरी तरह साफ कराने को कहा। इसके लिए जोनल अधिकारी तपन मिश्रा और सफाई निरीक्षक राम विजय को जिम्मेदारी दी गई। सूरजकुंड पोखरे की सीढ़ियों से हटेगी काई, गंदगी फैलाने वालों को नोटिस सूरजकुंड पोखरे की सीढ़ियों पर काई जमी मिली। इससे अर्घ्य देने के दौरान श्रद्धालुओं के फिसलने का खतरा है। नगर आयुक्त ने सफाई निरीक्षक श्रवण सोनकर को सीढ़ियों की तत्काल सफाई कराने और सुरक्षा के लिए रस्सी बांधने का निर्देश दिया। पोखरे के पश्चिमी हिस्से में गंदगी और गोबर मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। संबंधित सफाई निरीक्षक को गंदगी फैलाने वालों को नोटिस जारी करने और तत्काल कूड़ा-गोबर हटवाने को कहा। वहीं, सूरजकुंड घाट की ओर जाने वाले रास्तों और ओवरब्रिज के नीचे सड़क पर कई जगह गड्ढे मिले। नगर आयुक्त ने अधिशासी अभियंता अमरनाथ को गुरुवार से ही पैचवर्क शुरू कराने का निर्देश दिया, ताकि पर्व से पहले श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो। मानसरोवर और महेशरा घाट पर भी चलेगा सफाई अभियान मानसरोवर मंदिर स्थित पोखरे की सीढ़ियों और परिसर की सफाई कराने के निर्देश दिए गए। महेशरा घाट पर पहुंच मार्ग के दोनों ओर जमा कूड़ा हटाने के साथ ही पास के छोटे पोखरे और महेशरा पुल के नीचे सफाई कराने को कहा गया। नगर आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि घाटों और पोखरों के आसपास कहीं भी गंदगी नहीं रहनी चाहिए। 15 नवंबर की रात अर्घ्य के बाद होगी सफाई, सुबह तीन बजे से तैनात होंगे कर्मचारी छठ पर्व पर सफाई व्यवस्था को लेकर नगर आयुक्त ने विशेष निर्देश दिए हैं। सभी घाटों और पोखरों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी पथ प्रकाश विभाग को सौंपी गई है। वहीं, जोनल सेनेटरी अधिकारी अखिलेश श्रीवास्तव को सभी घाटों पर लगातार सफाई कराने को कहा गया है। निर्देश के मुताबिक, 15 नवंबर को शाम के अर्घ्य के बाद रात में ही सभी घाटों और पोखरों की सफाई कराई जाएगी। इसका उद्देश्य 16 नवंबर की सुबह अर्घ्य देने पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को साफ-सुथरे घाट उपलब्ध कराना है। इसके लिए 16 नवंबर को सुबह तीन बजे से ही सभी घाटों और पोखरों पर सफाई कर्मचारियों की तैनाती होगी। सुबह के अर्घ्य के बाद भी तत्काल सफाई कराई जाएगी। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार, अधिशासी अभियंता अमरनाथ, जोनल अधिकारी तपन मिश्रा और संतोष गुप्ता, सहायक अभियंता जलकल राकेश यादव, सहायक अभियंता पथ प्रकाश मोहित गुप्ता समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)