गौस पाक के उर्स का आगाज गिलाफपोशी से:बारिश के बीच अकीदतमंदों ने अमन-शांति की दुआ मांगी, 1 अक्टूबर को होगा समापन
संभल में पीराने पीर दस्तगीर रोशन जमीर हजरत शेख अब्दुल कादिर जिलानी रहमतुल्लाह अलैह के सालाना उर्स का आगाज रविवार देर शाम 7 बजे पारंपरिक खीर-चपाती और गिलाफपोशी की रस्म के साथ हुआ। उर्स के मौके पर दरगाह में बड़ी संख्या में अकीदतमंद पहुंचे और पूरी अकीदत के साथ धार्मिक रस्मों में हिस्सा लिया। नगर के मोहल्ला शेर खां सराय, चमन सराय स्थित दरगाह हजरत मियां मीरन शाह में उर्स की पहली रस्म खीर-चपाती अदा की गई। शाम करीब 4 बजे वक्फ कमेटी के अध्यक्ष डॉ. लियाकत अली गिलाफ लेकर दरगाह पहुंचे। उन्होंने गौस पाक के झंडे पर गिलाफ पेश किया। इसके बाद कुरआन पाक की तिलावत की गई। इस दौरान दरगाह परिसर में अकीदतमंदों की भीड़ जुटी रही।
रविवार को मौसम खराब होने और बारिश के बावजूद अकीदतमंदों का उत्साह कम नहीं हुआ। बारिश के बीच बड़ी संख्या में लोग दरगाह परिसर में मौजूद रहे और अमन-शांति के लिए दुआ की। हजरत मौलाना जहीरुल इस्लाम, इमाम-ए-ईदगाह ने दुआ कराई। उर्स के आगाज के साथ ही दरगाह परिसर में रौनक बढ़ गई।
वक्फ कमेटी के अध्यक्ष डॉ. लियाकत अली ने बताया कि उर्स के दौरान विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें लंगर, महफिल-ए-मिलाद, कव्वाली और कुल शरीफ की रस्म प्रमुख रूप से शामिल हैं। उन्होंने बताया कि एक अक्टूबर की सुबह 4 बजे कुल शरीफ की रस्म अदा की जाएगी। इसके साथ ही सालाना उर्स का समापन होगा। उर्स को लेकर दरगाह परिसर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम में जब्बार अहमद एडवोकेट, हाफिज फैजुल इस्लाम, रुवैद आलम, गयूर अहमद एडवोकेट, मोहम्मद तारिक, भूरा पहलवान, फरजंद अली वारसी समेत बड़ी संख्या में अकीदतमंद मौजूद रहे। उर्स के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर अकीदतमंदों में उत्साह बना हुआ है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)