गोरखपुर की कल की 10 बड़ी खबरें:भारी बारिश के पेड़-पोल उखड़कर गिरे, 10 साल की बच्ची से रेप-हत्या में प्रिंसिपल की दोबारा गवाही होगी
गोरखपुर की कल (शनिवार) 10 बड़ी खबरें…10 साल की बच्ची से रेप हत्या केस में प्रिंसिपल को दोबारा गवाही के लिए बुलाने की अर्जी दी गई है। जेल से छूटे छात्र नेता सतीश प्रजापति का समर्थकों ने माला पहनाकर स्वागत किया। शहर में जोरदार बारिश आफत बनकर आई। कई इलाकों में पेड़ पोल और मकान गिरे। खराब मौसम के चलते 6 उड़ानें देरी से पहुंचीं। जब भारी बरसात के अलर्ट के चलते दो फ्लाइट रद कर दी गईं जबकि मुंबई की फ्लाइट को भोपाल डायवर्ट कर दिया गया। अब सिलसिलेवार खबरें पढ़िए 1. गोरखपुर में 10 साल की बच्ची से रेप-हत्या केस:प्रिंसिपल को दोबारा गवाही के लिए बुलाने की अर्जी, CCTV फुटेज को सबूत बनाने की तैयारी गोरखपुर जिला अस्पताल से 10 साल की बच्ची अगवाकर रेप और हत्या के मामले में कोर्ट की कार्रवाई में एक नया मोड़ आया है। शुक्रवार को अभियोजन पक्ष ने कोर्ट में अर्जी देकर मांग की कि सरस्वती विद्या मंदिर चिउटहा की प्रिंसिपल गरिमा उपाध्याय को दोबारा गवाही के लिए बुलाया जाए। यह कदम इसलिए उठाया गया है ताकि पेनड्राइव में रखी स्कूल के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को कोर्ट के सामने अहम साक्ष्य के रूप में रखा जा सके। इस अर्जी पर अब सोमवार को सुनवाई होगी। पढ़िए पूरी खबर 2. गोरखपुर में जेल से छूटे छात्र नेता सतीश प्रजापति:समर्थकों ने माला पहना कर स्वागत किया, बम से उड़ाने की धमकी देने का आरोप दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में दो छात्र गुटों के बीच हुए विवाद के बाद जेल गए सतीश प्रजापति को शुक्रवार को जमानत मिल गई। देर रात वह जेल से बाहर आया। इस दौरान समर्थकों ने माला पहनाकर छात्र नेता का स्वागत किया। सतीश पर लूट और बम से उड़ा देने की धमकी देने का आरोप है। इस मामले में पुलिस ने उसे रिमांड पर लेने के लिए एप्लीकेशन दिया था लेकिन कोर्ट ने खारिज कर दिया। जिसके बाद रिहाई का रास्ता साफ हुआ। पुलिस के अनुसार आगे की कार्रवाई जारी है। पढ़िए पूरी खबर 3. गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक MLC सीट पर भाजपा टिकट की होड़:वर्तमान MLC ध्रुव कुमार त्रिपाठी लखनऊ में जमे, डा. संजयन का भी दावा उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लिए गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव का बिगुल बज चुका है। 29 सितंबर से नामांकन शुरू हो जाएगा और कद्दावर नेता भाजपा से टिकट पाने की जुगत में लगे हैं। इस बार भाजपा का टिकट पाने के लिए कई दावेदार हैं। वर्तमान MLC ध्रुव कुमार त्रिपाठी टिकट के लिए लखनऊ में जमे हैं। पढ़िए पूरी खबर 4. MMMTU की पूर्व छात्रा ने एशियन चैंपियनशिप में जीता सिल्वर:इस्तांबुल में सेजल ने 92.5 किलो वजन उठाया, 1 साल में 20 किलो सुधारा प्रदर्शन मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (MMMUT) की पूर्व छात्रा सेजल गुप्ता ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में गोरखपुर का नाम रोशन किया है। तुर्की के इस्तांबुल में 24 सितंबर को हुई एशियन बेंच प्रेस चैंपियनशिप में उन्होंने 92.5 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक जीता। इस उपलब्धि के साथ सेजल ने राष्ट्रीय स्तर के बाद अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी अपनी जगह बनाई है। सेजल के प्रदर्शन में पिछले एक साल में लगातार सुधार हुआ है। अक्टूबर 2025 में उन्होंने 72.5 किलो वजन उठाकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में रजत जीता था। जनवरी 2026 में 87.5 किलो उठाकर राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक हासिल किया। अब एशियन चैंपियनशिप में 92.5 किलो वजन उठाकर उन्होंने सिल्वर मेडल अपने नाम किया। पढ़िए पूरी खबर 5. गोरखपुर-पुणे के बीच रोज चलेगी फेस्टिवल स्पेशल:गोंडा रूट पर 4 ट्रेनों का संचालन प्रभावित, जानिए पूरा शेड्यूल त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने गोरखपुर और पुणे के बीच फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। ट्रेन नंबर 01415/01416 हडपसर-पुणे और गोरखपुर के बीच 16 अक्टूबर से 17 नवंबर तक चलेगी। दोनों दिशाओं में यह सेवा कुल 32 फेरे लगाएगी। ट्रेन में 18 कोच होंगे। पढ़िए पूरी खबर 6. गोरखपुर एयरपोर्ट से 6 उड़ानें देरी से पहुंचीं:भारी बरसात से दो हवाई सेवाएं रद्द की, भोपाल डायवर्ट हुई मुंबई की फ्लाइट गोरखपुर में शनिवार को मौसम का तेवर इतना बिगड़ा कि हवाई सेवाएं पूरी तरह प्रभावित हो गईं। दिनभर तेज बारिश, आंधी और कम विजिबिलिटी के कारण गोरखपुर एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन बाधित रहा। कई फ्लाइट्स अपने तय समय से देरी से चलीं, एक विमान को बीच रास्ते से भोपाल डायवर्ट करना पड़ा, जबकि दो सेवाओं को रद्द कर दिया गया। हालात ऐसे रहे कि यात्रियों को घंटों एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा और कई लोगों की यात्रा योजनाएं बिगड़ गईं। पढ़िए पूरी खबर 7. गोरखपुर में कहीं सड़कें डूबी, कहीं घुसा घरों में पानी:बाइक-स्कूटी बंद; पैंट मोड़कर पानी में गाड़ी ढकेलते दिखे लोग, देखें VIDEO गोरखपुर में शनिवार को सुबह से रुक-रुककर हो रही बारिश शाम करीब चार बजे के बाद अचानक मूसलाधार हो गई। करीब दो घंटे की तेज बारिश से शहर के कई प्रमुख इलाके जलमग्न हो गए। गोलघर, हरिओमनगर और विजय चौक जैसे व्यस्त इलाकों में सड़क पर घुटने तक पानी भर गया। कई जगह बाइक और स्कूटी पानी में बंद हो गईं। लोग पैंट मोड़कर पानी के बीच से गुजरते और अपनी बंद गाड़ियां खींचते नजर आए। शास्त्रीनगर में सड़कों के साथ कई घरों में पानी घुस गया, जबकि कुछ घरों के किचन तक पानी पहुंच गया। पढ़िए पूरी खबर 8. गोरखपुर में मकान पर गिरा 80 साल पुराना पेड़:1 का सिर फटा, 2 घायल; अस्पताल पहुंचे DM ने हालचाल जाना गोरखपुर के वार्ड नंबर 48 के धर्मशाला स्थित जटेपुर दक्षिणी काली मंदिर गली में शनिवार को तेज आंधी-तूफान के बीच करीब 80 साल पुराना पाकड़ का पेड़ अचानक भरभराकर एक मकान पर गिर गया। जिस समय हादसा हुआ, घर के अंदर करीब 5-7 लोग मौजूद थे। पेड़ गिरने से मकान का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। वहीं यूनीपोल गिरने से बड़ा हादसा टल गया। पढ़िए पूरी खबर 9. बारिश में जलभराव देखने निकले मेयर, कमिश्नर, डीआईजी:गोरखपुर में सबसे ज्यादा जहां समस्या थी, वहां के लोगों से बात की रात से ही लगातार हो रही बारिश के बीच शनिवार को लगभग सुबह लगभग 11 बजे मेयर डा. मंगलेश श्रीवास्तव, कमिश्नर इन्द्र विक्रम सिंह, डीआईजी एस चनप्पा व नगर आयुक्त् जलभराव का निरीक्षण करने पहुंचे। पिछले दिनों बारिश में जहां सबसे अधिक जलभराव हुआ था, उन्हीं स्थानों पर गए लेकिन आज पानी नहीं मिला। पढ़िए पूरी खबर 10. सुहावने मौसम का आनंद लेने नौका विहार पहुंचे लोग, VIDEO:फोटो खिंचवाए, भीगते हुए रील बनाई, बोले- मनाली गोरखपुर में आ गया है गोरखपुर में पिछले तीन दिनों से लगातार हो ही रिमझिम बारिश से मौसम पूरी तरह सुहावना बना हुआ है। शनिवार की दोपहर करीब 12 बजे नौका विहार पर तमाम लोग परिवार और दोस्तों के साथ मौसम का आनंद लेने पहुंचें थे। तेज रफ्तार से चल रही ठंडी हवाओं और बारिश के बीच सभी ने जमकर एंज्यॉय किया। बारिश में भीगते हुए रील और वीडियो भी बनाई। वहीं अधिकतर लोग बरसात के मौसम में भुट्टे का लुफ्त उठाते हुए भी नजर आएं। पढ़िए पूरी खबर
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)