गोरखपुर में तेज आंधी-बारिश ने बिगाड़े हालात:पेड़ गिरने से टूटा घर, रात 3 बजे से कई इलाकों में बिजली गुल

Sep 26, 2026 - 16:47
0
गोरखपुर में तेज आंधी-बारिश ने बिगाड़े हालात:पेड़ गिरने से टूटा घर, रात 3 बजे से कई इलाकों में बिजली गुल
गोरखपुर में तीन दिन से लगातार हो रही बारिश ने जमीन को पूरी तरह भिगो दिया था। शुक्रवार देर रात तेज आंधी चली तो कमजोर हो चुकी मिट्टी पेड़ों की जड़ें नहीं संभाल सकी। देखते ही देखते कई जगह बड़े पेड़ जड़ से उखड़कर सड़कों और घरों पर जा गिरे। रातभर चली आंधी-बारिश से शहर के कई इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। लोग घरों में दुबके रहे, जबकि कई इलाकों में रास्ते बंद हो गए और बिजली आपूर्ति ठप हो गई। विकास नगर (लच्छीपुर) में सुबह करीब 5 बजे एक विशाल पेड़ सड़क पर गिर गया। इससे रास्ता पूरी तरह बंद हो गया और लंबा जाम लग गया। दफ्तर और जरूरी काम से निकलने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई इलाकों में घंटों यातायात प्रभावित रहा। दो घरों पर गिरा पेड़, मची अफरा-तफरी खोराबार के रानीडीहा में तेज आंधी के बीच विशाल पेड़ गिरकर निरंजन निषाद के टीन शेड और जवाहर पासवान के मकान की छत पर जा गिरा। पेड़ गिरने की तेज आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दोनों घरों को काफी नुकसान हुआ। हालांकि परिवार के लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर जान बचा ली। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। रात 3 बजे से कई इलाकों में बिजली गुल आंधी का सबसे ज्यादा असर बिजली व्यवस्था पर पड़ा। पेड़ गिरने से कई जगह तार टूट गए और बिजली के खंभे भी क्षतिग्रस्त हुए। रात करीब 3 बजे से बरगदवा, बिछिया, राप्तीनगर, पादरी बाजार, गोलघर और मोहद्दीपुर समेत कई इलाकों की बिजली गुल हो गई। उमस और गर्मी के बीच लोगों को बिना बिजली रात बितानी पड़ी। राप्तीनगर के एक्सईएन अभिषेक कुमार ने बताया कि कई इलाकों से बिजली बाधित होने की सूचनाएं मिली हैं। विभाग की टीमें रातभर अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर टूटे तार और क्षतिग्रस्त लाइनों को ठीक करने में जुटी रहीं। प्राथमिकता के आधार पर बिजली आपूर्ति बहाल करने का काम किया जा रहा है। आपदा विभाग हाई अलर्ट पर आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी गौतम गुप्ता के मुताबिक, शहर के अलग-अलग इलाकों से पेड़ गिरने की सूचनाएं मिली हैं। टीमें अलर्ट मोड पर हैं। जहां भी पेड़ गिरे हैं, उन्हें काटकर हटाने का काम किया जा रहा है। लोगों की मदद के लिए हेल्पलाइन भी जारी की गई हैं। 24 घंटे में 33 मिमी बारिश, आज भी बारिश के आसार अधिकारियों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 33 मिमी बारिश दर्ज की गई है। यह बारिश ‘अरनब’ चक्रवात के टेल के असर से बताई जा रही है। इसके चलते शनिवार को भी रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है। ऐसे में पेड़ गिरने और बिजली बाधित होने की समस्या बढ़ सकती है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम में सतर्क रहने और जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है। कल से मौसम में सुधार के आसार अधिकारियों के अनुसार चक्रवात के आगे बढ़ने के साथ रविवार से मौसम में सुधार हो सकता है। हालांकि मानसून अभी सक्रिय है, इसलिए आने वाले दिनों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और सूचना मिलते ही राहत कार्य शुरू कर रही हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User