हरदोई में 10 साल पुराने गोलीकांड में आरोपी को सजा:कोर्ट ने 5 साल की कैद और 6 हजार रुपए जुर्माना लगाया

Nov 23, 2026 - 20:39
0
हरदोई में 10 साल पुराने गोलीकांड में आरोपी को सजा:कोर्ट ने 5 साल की कैद और 6 हजार रुपए जुर्माना लगाया
हरदोई जनपद में एक दशक पुराने गोलीकांड और अवैध तमंचा बरामदगी के मामलों में ठोस साक्ष्यों व प्रभावी पैरवी के बल पर न्यायालय ने बड़ा फैसला सुनाया है। सोमवार दोपहर न्यायालय एडीजे-1 (ADJ-1) हरदोई ने बिलग्राम क्षेत्र के निवासी रामशंकर उर्फ भैया को 5 वर्ष के कारावास और 6,000 रुपये के अर्थदण्ड से दण्डित किया, जबकि इन मामलों की पहली रिपोर्ट 3 फरवरी 2016 और दूसरी रिपोर्ट 12 मार्च 2016 को दर्ज की गई थी। इस संबंध में पुलिस के द्वारा सोमवार की शाम 4:00 बजे सूचना दी गई। अभियोजन के अनुसार, पहली रिपोर्ट 3 फरवरी 2016 की घटना को लेकर दर्ज हुई थी। वादी छोटेलाल पुत्र भगौती प्रसाद शाम करीब 5 बजे अपने भाइयों राजकुमार और पुत्तीलाल के साथ दरवाजे पर खेती-बाड़ी से जुड़े विषय पर चर्चा कर रहे थे। इसी दौरान रामशंकर उर्फ भैया वहां पहुंचा, गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देते हुए 315 बोर के तमंचे से सीधे फायर झोंक दिया। गोली राजकुमार के बाएं कंधे के नीचे जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। हालत नाजुक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल हरदोई रेफर किया गया था। इसके बाद दूसरी रिपोर्ट 12 मार्च 2016 को सामने आई। पुलिस कस्टडी रिमांड के दौरान अभियुक्त की निशानदेही पर गांव के उत्तर दिशा में कंटीली झाड़ियों के पास से वारदात में प्रयुक्त एक 315 बोर का तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया। विवेचना के दौरान उ0नि0 विनोद कुमार मौर्य और पैरोकार का0 पवन ने अहम भूमिका निभाई, जबकि अभियोजन पक्ष की ओर से अभियोजन अधिकारी अमलेन्द्र सिंह व मानवेन्द्र सिंह ने मजबूत पैरवी की। इसी प्रभावी पैरवी और पुख्ता साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय ने दोष सिद्ध करते हुए सजा का फैसला सुनाया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User