कानपुर में लोडर चालक की संदिग्ध मौत:पत्नी से कहासुनी के बाद कमरे में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
कानपुर के रायपुरवा थाना क्षेत्र के अफीमकोठी में 22 साल के लोडर चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सोमवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर अंदर देखा तो युवक मृत मिला। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान सन्नी उर्फ अतुल के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, रविवार रात उसकी पत्नी से किसी बात को लेकर मामूली कहासुनी हुई थी, लेकिन बाद में दोनों के बीच विवाद शांत हो गया था। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए और शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पत्नी से कहासुनी के बाद शांत हो गया था विवाद अफीमकोठी निवासी सन्नी उर्फ अतुल (22) लोडर चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। परिवार में पत्नी शिवानी, दो छोटे बच्चे बंशु और अहान, मां गीता और छोटा भाई हैं। परिजनों के मुताबिक, रविवार रात सन्नी काम से घर लौटा था। इस दौरान किसी बात को लेकर उसकी पत्नी से कहासुनी हो गई। हालांकि, कुछ देर बाद दोनों के बीच विवाद शांत हो गया। इसके बाद परिवार के सभी लोगों ने साथ बैठकर खाना खाया और सोने चले गए। सुबह कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर दी सूचना सोमवार सुबह सन्नी कुछ देर तक परिवार के लोगों के बीच रहा। इसके बाद वह अपने कमरे में चला गया। काफी समय तक बाहर नहीं आने पर परिजनों ने आवाज लगाई और दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। परिजनों की सूचना पर रायपुरवा पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजा खोलने की कोशिश नाकाम होने पर पुलिस ने उसे तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद युवक की मौत की जानकारी हुई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई पुलिस ने घटनास्थल की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने कमरे से जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। थाना प्रभारी रायपुरवा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)