मुजफ्फरनगर में पिता-पुत्र का भारी पुलिस सुरक्षा में अंतिम संस्कार:गोली मारकर की गई थी हत्या; नौ लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज
मुजफ्फरनगर। पुरकाजी थाना क्षेत्र के गांव दादूपुर में गोली मारकर हत्या किए गए मुख्तार सिंह (65) और उनके बेटे सुखविंदर सिंह (28) का सोमवार शाम करीब 5 बजे भारी पुलिस सुरक्षा के बीच अंतिम संस्कार किया गया। पिता-पुत्र की हत्या से पूरे गांव में मातम पसरा रहा। पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव गांव पहुंचे तो परिवार में कोहराम मच गया। अंतिम संस्कार के दौरान सदर क्षेत्राधिकारी सुनील कुमार और थाना प्रभारी मानवेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। घर पहुंचकर हमलावरों ने बरसाईं गोलियां वारदात रविवार शाम करीब 7 बजे की है। दो दोपहिया वाहनों पर सवार आधा दर्जन से अधिक हमलावर मुख्तार सिंह के घर पहुंचे थे। आरोप है कि हमलावरों ने पहले सुखविंदर सिंह पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। गोली चलने की आवाज सुनकर उनके पिता मुख्तार सिंह बाहर आए तो हमलावरों ने उन्हें भी निशाना बना लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए। गोली लगने से पिता-पुत्र की मौत हो गई। मोनू हत्याकांड की रंजिश से जोड़कर देखी जा रही वारदात पुलिस इस दोहरे हत्याकांड को 11 सितंबर 2025 को हुए मोनू हत्याकांड की पुरानी रंजिश से जोड़कर जांच कर रही है। उस मामले में करतार सिंह गुर्जर के साथ मुख्तार सिंह के बेटे सुखविंदर और बलविंदर भी नामजद हुए थे। बताया गया कि तीनों आरोपी हाल ही में जमानत पर बाहर आए थे। हालांकि, मौजूदा हत्याकांड में पुरानी रंजिश की भूमिका की पुलिस जांच कर रही है। नौ लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज मृतक के बड़े बेटे बलविंदर सिंह की तहरीर पर नौ लोगों के खिलाफ हत्या, बलवा और जानलेवा हमले सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। नामजद आरोपियों में अंकुल, अंकित मेघा, सचिन त्यागी, बिल्लू, मोहित, रवि, संजय, सोनू और अंकित उर्फ मोती शामिल हैं। इनमें नामजद अंकुल को पुलिस का निगरानीशुदा अपराधी बताया गया है। CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, हमलावरों की तलाश वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने रविवार रात घटनास्थल का निरीक्षण किया था। पुलिस की निगरानी टीम गुरुद्वारे और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस हमलावरों के आने-जाने के रास्तों और वारदात में शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है। दिव्यांग बेटे के पालन-पोषण की जिम्मेदारी परिवार पर इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया गया कि सुखविंदर का अपनी पत्नी से तलाक हो चुका था। उनका एक दिव्यांग बेटा है। पिता की हत्या के बाद बच्चे के पालन-पोषण की जिम्मेदारी अब परिवार के सामने बड़ी चुनौती बन गई है। पिता और दादा दोनों को खोने के बाद बच्चे के भविष्य को लेकर परिजन भी चिंतित हैं। गांव में घटना के बाद से शोक का माहौल है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)