कैमिस्ट एसोसिएशन की कमान फिर सुभाष चौहान को:मुजफ्फरनगर में 5 साल के लिए निर्विरोध अध्यक्ष चुना, कार्यशाला में दवा व्यापारियों ने रखीं मांगें
मुजफ्फरनगर कैमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन की वार्षिक एवं शैक्षिक कार्यशाला में संगठन की कमान एक बार फिर सुभाष चौहान को सौंप दी गई। रविवार सुबह 11 बजे जानसठ रोड स्थित आशीर्वाद बैंकट हॉल में हुए कार्यक्रम में कोर कमेटी की सहमति के बाद उन्हें अगले पांच साल के लिए सर्वसम्मति से निर्विरोध अध्यक्ष बनाए रखने की घोषणा की गई। कार्यक्रम में दवा व्यापारियों ने लाइसेंस, विभागीय चेकिंग, ऑनलाइन दवा बिक्री और फार्मासिस्ट की अनिवार्यता से जुड़ी समस्याएं जनप्रतिनिधियों और औषधि विभाग के अधिकारियों के सामने रखीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुभाष चौहान ने की। संगठन के चेयरमैन प्रमोद मित्तल ने एसोसिएशन की पिछले 10 वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख किया। इसके बाद कोर कमेटी की सहमति के आधार पर सुभाष चौहान को अगले पांच वर्ष के लिए निर्विरोध अध्यक्ष बनाए रखने की घोषणा की गई। कार्यक्रम का संचालन प्रमोद मित्तल, चेयरमैन सतपाल सिंह और हरीश गुप्ता ने किया।
लाइसेंसधारियों की चेकिंग और ऑनलाइन दवा बिक्री का मुद्दा उठा दवा व्यापारियों ने कहा कि लाइसेंसधारी कारोबारियों को अनावश्यक चेकिंग के नाम पर परेशान नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने बिना लाइसेंस दवा बेचने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ अभियान चलाने और ऑनलाइन दवा व्यापार पर रोक लगाने की मांग की। कंपनियों की ब्रेकेंज और एक्सपायरी से जुड़ी समय सीमा बढ़ाने की मांग भी रखी गई। फार्मासिस्ट की अनिवार्यता और लाइसेंस नवीनीकरण पर भी मांगें व्यापारियों ने मेडिकल स्टोर संचालकों के यहां 10 साल से अधिक पुराने लाइसेंस से जुड़े फार्मासिस्ट की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग की। पोर्टल पर गोदाम के लाइसेंस के नवीनीकरण का विकल्प देने और शासनादेश के अनुसार उसे अपडेट करने की बात भी रखी गई। इसके अलावा ऑनलाइन ड्रग लाइसेंस आवेदन स्वीकृत करने की समय सीमा तय करने और पुराने ऑटो-रिटेंशन सिस्टम को जारी रखने की मांग हुई। दूसरे राज्यों की टीमों के निरीक्षण पर भी जताई आपत्ति व्यापारियों ने कंपनियों के मेडबॉल सिस्टम और डायरेक्ट हॉस्पिटल सप्लाई को बंद करने की मांग की। उन्होंने कहा कि दूसरे राज्यों के ड्रग विभाग की टीमें मुजफ्फरनगर प्रशासन और स्थानीय ड्रग अधिकारी को जानकारी दिए बिना निरीक्षण न करें। सहारनपुर मंडल के सहायक आयुक्त औषधि नरेश मोहन दीपक और जिला औषधि निरीक्षक विमल देशबंधु ने विभागीय नियमों और व्यवस्था की जानकारी दी। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने व्यापारियों की मांगों पर समाधान का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. संजीव बालियान, राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिलदेव अग्रवाल, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा समेत दवा व्यापारी और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)