कांग्रेस देश की जनता की आंखों में धूल झोंक रही:गोंडा में विदेश राज्य मंत्री बोले- महिला आरक्षण और परिसीमन का विरोध कर रही
विदेश राज्य मंत्री और गोंडा से भाजपा सांसद कीर्तिवर्धन सिंह उर्फ राजा भैया ने शुक्रवार को कांग्रेस, सपा और विपक्षी दलों पर निशाना साधा। गोंडा के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे केंद्रीय मंत्री ने सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ टैबलेट वितरण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। देर शाम करीब 5 बजे कांग्रेस के 'धोखे से वोट इकट्ठा करने' के आरोप पर उन्होंने पलटवार किया। कांग्रेस को महिला आरक्षण और परिसीमन से तकलीफ हो रही कीर्तिवर्धन सिंह ने कहा कि वोट इकट्ठा किया जा रहा है तो इसमें धोखा क्या है? कांग्रेस को छोड़कर सभी दल समझ रहे हैं कि देश की मातृशक्ति को आगे बढ़ने के लिए पर्याप्त अवसर मिलना चाहिए। साथ ही बढ़ती आबादी के हिसाब से लोकसभा क्षेत्रों की सीमाओं का विस्तार और परिसीमन होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि आज कई लोकसभा क्षेत्रों में 20-20 लाख मतदाता हैं। कुछ लोकसभा क्षेत्र 200-200 किलोमीटर तक फैले हुए हैं। ऐसे में सांसदों को अपने क्षेत्र की समस्याओं और जनता की आवाज को संसद तक पहुंचाने में परेशानी होती है। परिसीमन से जनप्रतिनिधि बेहतर तरीके से जनता का प्रतिनिधित्व कर सकेंगे। मंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने अब तक देश की जनता की आंखों में धूल झोंकने का काम किया है। जमीनी समस्याओं और देश के भविष्य को लेकर जरूरी कदमों के बारे में उसने कभी नहीं सोचा। इसलिए आज उसे तकलीफ हो रही है। प्रधानमंत्री का दृढ़ निर्णय है कि महिला आरक्षण बिल और परिसीमन को साथ लेकर आगे बढ़ा जाएगा। सपा का बेटियों को पैसा देने का वादा शेखचिल्ली की कहानी जैसा अखिलेश यादव की ओर से जारी घोषणा पत्र पर निशाना साधते हुए कीर्तिवर्धन सिंह ने कहा कि सपा की सरकार प्रदेश में कई बार पूर्ण बहुमत से बनी है। अब बेटियों को पैसा देने की बात करने वाले लोग अपने पुराने शासन को भी याद करें। यही वे लोग हैं, जिनके शासन में कहा जाता था कि लड़कों से कभी-कभी गलती हो जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासन में कई दंगे हुए, बहू-बेटियों की इज्जत लूटी गई और माफिया खुलेआम घूमते थे। उन्होंने कहा कि यह वादा शेखचिल्ली की कहानी जैसा है। जब झूठ ही बोलना है तो जितना बोल सकते हैं, बोलें। किसी तरह सत्ता हासिल करके फिर पहले की तरह लूटने की कोशिश है। खड़गे अपनी पार्टी की चिंता करें, हमारा नामोनिशान नहीं मिटेगा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आरएसएस और भाजपा को हटाने वाले बयान पर भी केंद्रीय मंत्री ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि खड़गे जी को अपनी पार्टी की चिंता करनी चाहिए, जिसका नामोनिशान मिटने वाला है। उन्हें हमारी चिंता करने की जरूरत नहीं है। ओवैसी और चंद्रशेखर का गठबंधन राजनीतिक दांव-पेच ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर कीर्तिवर्धन सिंह ने कहा कि यह सब राजनीतिक दांव-पेच हैं। इस पर समय बर्बाद करने या विश्लेषण करने की जरूरत नहीं है। भाजपा को अपना काम करना है और देश को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि भाजपा विकसित भारत-2047 के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। जनता पार्टी का साथ दे रही है। सभी जरूरी और विकास कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। कौन किससे गठबंधन करता है, आज हाथ मिलाता है और कल दोस्ती करता है, इससे भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ता।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)