पूर्व MLC इकबाल को भगोड़ा घोषित करने का आदेश रद्द:हाईकोर्ट ने 995.75 करोड़ की संपत्तियां भी कीं मुक्त, ED की कार्रवाई पर रोक
इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने पूर्व बसपा एमएलसी मोहम्मद इकबाल को भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित करने का आदेश रद्द कर दिया है। कोर्ट ने उनकी 995.75 करोड़ रुपए की संपत्तियां जब्त करने का आदेश भी निरस्त कर दिया। साथ ही संबंधित कंपनियों की संपत्तियां मुक्त करने का निर्देश दिया है। न्यायमूर्ति सुभाष विद्यार्थी की एकल पीठ ने इकबाल और तीन कंपनियों की अलग-अलग अपीलों पर सुनवाई के बाद यह फैसला सुनाया। नोटिस मिलने का प्रमाण नहीं दे सका ईडी कोर्ट ने कहा कि मोहम्मद इकबाल को भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित करने की प्रक्रिया में कानूनी नियमों का पालन नहीं किया गया। ईडी यह साबित नहीं कर सका कि संयुक्त अरब अमीरात में भारतीय वाणिज्य दूतावास के जरिए भेजा गया नोटिस इकबाल को मिला था। भारत में जिस पते पर नोटिस चस्पा किया गया था, वहां इकबाल के रहने का भी कोई प्रमाण नहीं मिला। कोर्ट ने माना कि नोटिस की तामील से जुड़ी जरूरी प्रक्रिया पूरी नहीं की गई थी। छह सप्ताह की अवधि पूरी होने से पहले घोषित किया भगोड़ा हाईकोर्ट ने पाया कि ईमेल से नोटिस भेजने के बाद कानून में तय छह सप्ताह की अवधि पूरी होने से पहले ही विशेष अदालत ने 31 मार्च 2026 को इकबाल को भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित कर दिया था। कोर्ट ने इस प्रक्रिया को गलत मानते हुए विशेष अदालत का आदेश रद्द कर दिया। सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट पर जल्द फैसला लेने का निर्देश हाईकोर्ट ने ट्रायल कोर्ट को सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट पर जल्द फैसला लेने का निर्देश दिया है। सीबीआई ने 28 मई 2025 को दाखिल रिपोर्ट में कहा था कि जांच के दौरान आरोप साबित नहीं हो सके। कोर्ट ने कहा कि अगर ट्रायल कोर्ट क्लोजर रिपोर्ट स्वीकार कर लेता है तो उसके आधार पर चल रही मनी लॉन्ड्रिंग की कार्रवाई भी खत्म हो जाएगी। वहीं, रिपोर्ट खारिज होने पर ईडी कानून के मुताबिक आगे की कार्रवाई कर सकेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)