लखनऊ में बारिश से बिजली व्यवस्था बेपटरी:50 हजार लोग प्रभावित, BKT विधायक देर रात पावर हाउस पहुंचे

Sep 28, 2026 - 09:30
0
लखनऊ में बारिश से बिजली व्यवस्था बेपटरी:50 हजार लोग प्रभावित, BKT विधायक देर रात पावर हाउस पहुंचे
लखनऊ में लगातार हो रही बारिश से बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई है। शहर के कई इलाकों में ट्रांसफार्मर खराब होने, पेड़ गिरने और बिजली के खंभे टूटने से हजारों लोग परेशान हैं। एफसीआई उपकेंद्र क्षेत्र में करीब 50 हजार लोग बिजली संकट से प्रभावित हैं। वहीं, नादरगंज इलाके में करीब 200 मकानों की बिजली आपूर्ति बंद है। बिजली की समस्या को देखते हुए बीकेटी विधायक योगेश शुक्ला देर रात इटौंजा पावर हाउस पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से नाराजगी जताई और जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए। मोहान रोड स्थित काकोरी मोड़ मार्केट और आसपास के घरों में चार दिन से बिजली नहीं है। यहां मार्केट के पास लगा 25 केवीए का ट्रांसफार्मर बुधवार को खराब हो गया था, लेकिन चार दिन बाद भी उसे बदला नहीं जा सका। इससे नाराज लोग एफसीआई उपकेंद्र पहुंच गए और प्रदर्शन किया। पानी को तरसे लोग प्रदर्शनकारी रंजीत और सर्वेश ने बताया कि बिजली न होने से घरों और दुकानों में अंधेरा छाया है। जलापूर्ति भी बिजली पर निर्भर होने के कारण पीने के पानी का संकट खड़ा हो गया है। लोगों को मोबाइल चार्ज करने तक में परेशानी हो रही है। शनिवार रात अधिकारियों ने रविवार सुबह ट्रांसफार्मर बदलने का आश्वासन दिया था, लेकिन दोपहर दो बजे तक काम शुरू नहीं हुआ। इसके बाद लोग दोबारा उपकेंद्र पहुंचे। हंगामा बढ़ता देख बिजली निगम के अधिकारियों ने डायल-112 पर सूचना देकर पुलिस बुला ली। पुलिस ने लोगों को समझाकर जल्द आपूर्ति बहाल कराने का भरोसा दिलाया। अधिकारियों पर मोबाइल बंद करने का आरोप पूर्व ब्लॉक प्रमुख धर्मेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि जेई और एसडीओ के सीयूजी नंबर अक्सर बंद रहते हैं। बड़ी मुश्किल से अगर संपर्क हो भी जाए तो संतोषजनक जवाब नहीं मिलता। स्थानीय लोगों ने तत्काल ट्रांसफार्मर बदलकर आपूर्ति शुरू कराने की मांग की। 200 घरों में बत्ती गुल सरोजनीनगर के नादरगंज क्षेत्र में शनिवार दोपहर तेज हवा और बारिश के दौरान पेड़ की डाल 11 हजार वोल्ट की लाइन पर गिर गई। इससे डबल पोल पर रखा ट्रांसफार्मर और हाईटेंशन लाइन के सात खंभे टूटकर गिर गए। अमौसी के साईं सुरक्षा नगर समेत गौरी फीडर से जुड़े करीब 200 मकानों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। नाराज उपभोक्ताओं ने रविवार सुबह नादरगंज पावर हाउस पहुंचकर हंगामा किया। अवर अभियंता दिनकर यादव ने जल्द खंभे बदलकर आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन दिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User