लखनऊ में हार्डवेयर दुकानदार के चेहरे पर बसुली से हमला:दुकान से सामान और रुपए भी उठा ले गए, 3 लोग नामजद
पारा थाना क्षेत्र के भरोसा इलाके में हार्डवेयर-इलेक्ट्रिकल्स की दुकान चलाने वाले एक व्यक्ति पर बसुली से हमला किया गया है। हमलावरों ने केवल उसके चेहरे पर बार-बार बसुली मारी। दुकानदार की हालत नाजुक है। लोकबंधु अस्पताल से ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है। घायल दुकानदार की पत्नी एडवोकेट कंचन कुरिल ने पारा थाने में संदीप रावत, रंजीव रावत और जितेंद्र रावत के खिलाफ शिकायत दी है। इसमें लिखा है कि हमलावर लोग दुकानदार से पैसे और सामान भी उठा ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। CCTV फुटेज खंगाल रही है। देवर ने फोन कर हमले की जानकारी दी कंचन के मुताबिक, उनके पति रामप्रकाश भरोसा में प्रकाश हार्डवेयर इलेक्ट्रिकल्स नाम की दुकान चलाते हैं। 26 सितंबर की शाम करीब पांच बजे वह दुकान पर पहुंचे थे। शाम करीब 7:48 बजे उनके देवर शिवदीन ने फोन कर बताया कि रामप्रकाश पर किसी ने जानलेवा हमला कर दिया है। सूचना मिलते ही कंचन ने 112 पर पुलिस को सूचना दी। साथ ही 108 एंबुलेंस के लिए भी सूचना दी गई। घरवाले और पुलिस मौके पर पहुंचे तो रामप्रकाश घायल अवस्था में मिले। उन्हें एंबुलेंस से लोकबंधु अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत को देखते हुए केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। होश आने पर 3 लोगों के नाम बताए शिकायत के अनुसार, लोकबंधु अस्पताल ले जाते समय एंबुलेंस में रामप्रकाश को कुछ देर के लिए होश आया। पत्नी के पूछने पर उन्होंने बताया कि संदीप रावत का छोटा भाई जितेंद्र रावत हाथ में बसुली लेकर दुकान पर आया था। आरोप है कि जितेंद्र ने रामप्रकाश पर हमला किया और धमकी दी कि अगर वह बच गया तो दोबारा मारने आएगा। पुलिस ने कंचन की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर सकती है। घायल की हालत और आरोपों की पुलिस स्तर से पुष्टि होना बाकी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)