मेरठ STF ने नकली ऑक्सीटोसिन बनाने की फैक्ट्री पकड़ी:सहारनपुर में किराए के मकान में चल रहा था कारोबार, 3181 शीशियां, 60 लीटर तैयार ऑक्सीटोसिन भी मिला

Nov 26, 2026 - 19:18
0
मेरठ STF ने नकली ऑक्सीटोसिन बनाने की फैक्ट्री पकड़ी:सहारनपुर में किराए के मकान में चल रहा था कारोबार, 3181 शीशियां, 60 लीटर तैयार ऑक्सीटोसिन भी मिला
एसटीएफ मेरठ की फील्ड यूनिट ने सहारनपुर में नकली ऑक्सीटोसिन बनाने और सप्लाई करने के मामले का खुलासा किया है। टीम ने कोतवाली देहात थाना क्षेत्र की दानिश कॉलोनी स्थित एक किराए के मकान में छापा मारकर नकली ऑक्सीटोसिन बनाने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। मकान में ही नकली ऑक्सीटोसिन तैयार कर उसकी पैकिंग और सप्लाई की जा रही थी। मौके से 200 एमएल की 3181 शीशियां और 60 लीटर ऑक्सीटोसिन बरामद किया गया है। इसके अलावा खाली शीशियां, ढक्कन, सीलिंग मशीन और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान भी मिला है। एसटीएफ के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान भूरा पुत्र एहसान निवासी कुंडा कला, थाना गंगोह, सहारनपुर के रूप में हुई है। आरोपी दानिश कॉलोनी में किराए के मकान में नकली ऑक्सीटोसिन बनाने का काम कर रहा था। टीम ने 26 नवंबर 2026 को कार्रवाई करते हुए उसे मौके से गिरफ्तार किया। शुरुआती जानकारी के अनुसार आरोपी वर्ष 2024 से इस धंधे में शामिल था। वह पिछले साल भी इसी मामले में जेल जा चुका है। जेल से बाहर आने के बाद दोबारा नकली ऑक्सीटोसिन बनाने और सप्लाई करने लगा। सब्जियों की असामान्य वृद्धि के लिए हो रहा इस्तेमाल एसटीएफ के मुताबिक नकली ऑक्सीटोसिन का इस्तेमाल खासतौर पर सब्जियों की अप्रत्याशित वृद्धि के लिए किया जा रहा था। आरोपी इसे तैयार कर शीशियों में भरता था और फिर सप्लाई करता था। मकान में मिले सामान से स्पष्ट हुआ कि वहां ऑक्सीटोसिन तैयार करने के साथ ही उसकी बोतलों में भराई, ढक्कन लगाने और सिलाई-पैकिंग का काम भी किया जा रहा था। हालांकि, यह ऑक्सीटोसिन किन लोगों को और कितनी मात्रा में सप्लाई किया गया, इसकी जानकारी जांच के बाद सामने आएगी। मौके से मिली 3181 भरी शीशियां और 60 लीटर ऑक्सीटोसिन एसटीएफ ने छापेमारी के दौरान कुल 3181 शीशियां बरामद कीं। इनमें प्रत्येक शीशी की क्षमता 200 एमएल बताई गई है। इसके अलावा 60 लीटर ऑक्सीटोसिन अलग से बरामद हुआ। टीम को मौके से 10 पैकेट नमक भी मिले, जिनमें प्रत्येक का वजन एक किलोग्राम है। इसके अलावा एक बैग सिलाई मशीन, दो धागे के रोल और बोतलों के कैप सील करने की सात मशीनें बरामद की गईं। खाली शीशियां, ढक्कन और पैकिंग का सामान भी मिला मकान से 100 एमएल की सफेद रंग की खाली प्लास्टिक शीशियां (कुल वजन 20 किलो 250 ग्राम), रबर के ढक्कन (18 किलो 910 ग्राम), स्टील के सीसी कैप (590 ग्राम) और 200 एमएल की हरे रंग की खाली प्लास्टिक शीशियां बरामद हुईं। इसके अलावा 20 प्लास्टिक ट्रे, एक बड़ा नीला ड्रम, एक आधा भरा पीला ड्रम, दो प्लास्टिक बाल्टी, एक प्लास्टिक की कीप और दो मापने वाले जग भी मिले हैं। एसटीएफ अब आरोपी से पूछताछ कर नकली ऑक्सीटोसिन बनाने में इस्तेमाल होने वाले पदार्थों, इसकी सप्लाई के नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी ने अब तक कितनी मात्रा में नकली ऑक्सीटोसिन तैयार कर बाजार में सप्लाई किया है और किन क्षेत्रों में इसकी आपूर्ति की गई।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User