बलरामपुर में 5 खाद्य कारोबारियों के लाइसेंस निलंबित:पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के दो नमूने फेल, एक असुरक्षित मिला; 79 हजार जुर्माना

Nov 26, 2026 - 19:18
0
बलरामपुर में 5 खाद्य कारोबारियों के लाइसेंस निलंबित:पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के दो नमूने फेल, एक असुरक्षित मिला; 79 हजार जुर्माना
बलरामपुर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच और निरीक्षण में मिली खामियों को दूर नहीं करने पर जिले के पांच प्रतिष्ठित खाद्य कारोबारियों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। वहीं, अवमानक खाद्य पदार्थों की बिक्री के आठ मामलों में कुल 79 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया है। इसके अलावा पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के दो नमूने भी जांच में मानकों पर खरे नहीं उतरे। इनमें एक नमूना असुरक्षित पाया गया है। सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय गिरिजेश कुमार दूबे ने बताया कि आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश के निर्देश पर जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। पूर्व में किए गए निरीक्षण के दौरान कई प्रतिष्ठानों में खामियां मिली थीं। विभाग की ओर से संबंधित कारोबारियों को सुधार सूचना जारी कर कमियां दूर करने के लिए 14 दिन का समय दिया गया था। इसके बावजूद सुधार नहीं होने पर पांच प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए। कार्रवाई की जद में चौक स्थित राम मिष्ठान भंडार, वीर विनय चौराहे का बीकानेर स्वीट्स और अमर स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट, सिविल लाइन का ओम स्वीट्स तथा भगवतीगंज का केसरवानी अन्न भंडार शामिल हैं। अवमानक खाद्य पदार्थों की बिक्री के आठ मामलों में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व की ओर से अर्थदंड लगाया गया है। इसमें महाकाल इंटरप्राइजेज पर सोयाबीन तेल के लिए 15 हजार रुपये, भारत स्वीट्स पर छेना मिठाई और बेसन के तीन मामलों में कुल 26 हजार रुपये तथा सात्विक फूड प्रोडक्ट्स पर छेना मिठाई और मिल्क केक के लिए 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इसके अलावा अमन किराना स्टोर पर रस्क के लिए 8 हजार रुपये और दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति पर पनीर के लिए 10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया है। जांच में स्वान ग्लोबल कंपनी, धरमपुर भगवतीगंज का पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर अवमानक मिला, जबकि आईके फूड एंड बेवरेजेज, जरवा रोड तुलसीपुर का नमूना अवमानक के साथ असुरक्षित भी पाया गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User