प्रयागराज में 11वीं के छात्र ने फांसी लगाकर दी जान:सुबह पिता से की थी बात, 6 घंटे बाद फंदे पर लटका मिला
प्रयागराज के छोटा बघाड़ा में गुरुवार को 11वीं के एक छात्र ने फांसी लगाकर जान दे दी। उसका शव कमरे के अंदर फंदे से लटकता मिला। घटना के समय दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक आवाज देने और कोई जवाब नहीं मिलने पर आसपास के लोगों की मदद से अंदर झांककर देखा गया तो छात्र फंदे पर लटका हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान 16 वर्षीय कमलकांत के रूप में हुई है। वह मूल रूप से मिर्जापुर जिले के ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के पटहरा गांव का रहने वाला था। उसके पिता का नाम रामबक्श है। कमलकांत प्रयागराज में जीआईसी (राजकीय इंटर कॉलेज) में कक्षा 11वीं का छात्र था। वह छोटा बघाड़ा में अपने चाचा राजेश कुमार के परिवार के साथ किराये के मकान में रहता था। चाचा राजेश कुमार मिर्जापुर में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं। सुबह 5:30 बजे पिता से हुई थी आखिरी बातचीत कमलकांत के पिता रामबक्श ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे उनकी बेटे से आखिरी बार बात हुई थी। इसके बाद सुबह करीब 10 बजे उन्होंने कई बार कमलकांत को फोन किया, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं की। इस पर उन्होंने बेटे के चाचा की पत्नी को इसकी जानकारी दी और कमलकांत को देखने के लिए कहा। चाचा की पत्नी जब उसे बुलाने पहुंचीं तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। कई बार आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद आसपास के लोगों को बुलाया गया। किसी तरह कमरे के अंदर झांककर देखा गया तो कमलकांत फंदे पर लटका हुआ था। यह देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। आत्महत्या की वजह नहीं बता पा रहा परिवार सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर मिश्रा ने बताया कि कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। छात्र ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिवार के लोग भी आत्महत्या के कारणों के बारे में कुछ नहीं बता पा रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेजवा दिया है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)