महिला से अभद्रता का विरोध करने पर दंपती से मारपीट:संभल में हरपाल पर आरोप, पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा

Sep 26, 2026 - 08:14
0
महिला से अभद्रता का विरोध करने पर दंपती से मारपीट:संभल में हरपाल पर आरोप, पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा
संभल। कैलादेवी थाना क्षेत्र के सोंधन गांव में शुक्रवार की रात करीब 11 बजे महिला के साथ कथित अभद्रता और गाली-गलौज को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि गांव का ही हरपाल नशे की हालत में महिला से अभद्रता करने लगा। महिला द्वारा विरोध किए जाने के बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि बाद में आरोपी पक्ष ने महिला और उसके पति को घेरकर मारपीट की। घटना में दोनों घायल हो गए। पीड़ित दंपती ने थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने दोनों घायलों को मेडिकल परीक्षण और उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा है। पीड़ित सुरेश पुत्र जगदीश निवासी सोंधन ने बताया कि उसकी पत्नी बाजार से वापस लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में हरपाल ने कथित तौर पर उसके साथ अभद्रता और गाली-गलौज की। महिला ने विरोध करते हुए आरोपी को पकड़ लिया और उसे पुलिस चौकी ले जाने की कोशिश की। सुरेश के मुताबिक, चौकी के पास भी आरोपी ने महिला के साथ मारपीट की। इसके बाद विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष गांव की ओर चले गए। सुरेश का आरोप है कि बाद में हरपाल ने अपने परिजनों को फोन कर बुला लिया। कुछ देर बाद उसे रास्ते में घेर लिया गया और डंडे से मारपीट की गई। मारपीट में उसके सिर और कनपटी समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। सुरेश ने बताया कि उसकी पत्नी को भी मारपीट के दौरान चोटें लगीं। उसने घटना के पीछे किसी पुरानी रंजिश से इनकार किया है। घायल छाया ने बताया कि वह बाजार से घर लौट रही थी। उसके अनुसार, रास्ते में हरपाल शराब के नशे में बैठा था। उसे वहां से उठाने पर उसने कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर छाया ने उसका कॉलर पकड़ लिया। आरोप है कि इसके बाद हरपाल ने अपने बेटे को बुला लिया। छाया के मुताबिक, वह वहां से घर चली गई, जबकि बाद में उसके पति को घेरकर मारपीट की गई। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी सजन कुमार ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। दोनों घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। तहरीर और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User