मतदाता पुनरीक्षण का काम न करने पर बीएलओ निलंबित:धनूपुर ब्लॉक के सहायक अध्यापक पर कार्रवाई, मेजा के स्कूल से जोड़ा

Nov 27, 2026 - 23:51
0
मतदाता पुनरीक्षण का काम न करने पर बीएलओ निलंबित:धनूपुर ब्लॉक के सहायक अध्यापक पर कार्रवाई, मेजा के स्कूल से जोड़ा
प्रयागराज में मतदाता पुनरीक्षण और जनगणना का काम नहीं करने पर धनूपुर ब्लॉक के सहायक अध्यापक और बीएलओ सुभाष चंद्र मौर्य को निलंबित कर दिया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार ने शुक्रवार को यह कार्रवाई की। आदेश के मुताबिक, हंडिया के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी की रिपोर्ट और धनूपुर के खंड शिक्षा अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई हुई। सुभाष चंद्र मौर्य देवा स्थित विद्यालय में सहायक अध्यापक हैं। उन पर मतदाता पुनरीक्षण अभियान और विशेष शिविरों में काम नहीं करने का आरोप है। रिपोर्ट में कहा गया है कि विशेष अभियान की दो तारीखें बीतने के बाद भी उन्होंने ईआरओ नेट पर अपना वोटर कार्ड और मोबाइल नंबर अपडेट नहीं किया। बूथ पर एक भी फॉर्म फीड नहीं हुआ। सुपरवाइजर के बूथ पर पहुंचने के बाद भी उन्होंने काम करने से मना किया। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने पहले जारी नोटिस नहीं लिए, डबल वोटर और डीएससी प्रविष्टियों का निपटारा नहीं किया और अधिकारियों के फोन भी नहीं उठाए। लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम और कर्मचारी आचरण नियमावली के उल्लंघन के आरोप में उन्हें निलंबित किया गया है। उन्हें मेजा ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय हरगढ़ से संबद्ध किया गया है। मामले की जांच मेजा के खंड शिक्षा अधिकारी करेंगे। आरोप पत्र अलग से दिया जाएगा। निलंबन अवधि में जीवन निर्वाह भत्ता पाने के लिए उन्हें यह प्रमाणपत्र देना होगा कि वे किसी अन्य काम में नहीं लगे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User