लखनऊ के हिंदी संस्थान में ‘सुमित्रा-चरित’ खंड काव्य का विमोचन:विद्वानों ने रामायण में माता सुमित्रा के योगदान पर रखे विचार
लखनऊ के हजरतगंज स्थित हिंदी संस्थान में शुक्रवार को कवि डॉ. अरविंद प्रबोध मिश्र के खंड काव्य ‘सुनि रन घायल लखन परे हैं (सुमित्रा-चरित)’ का विमोचन किया गया। त्रिसामा आर्ट्स की ओर से आयोजित समारोह में विद्वानों ने रामायण के अपेक्षाकृत कम चर्चित पात्र माता सुमित्रा के व्यक्तित्व, योगदान और जीवन-दर्शन पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि रामायण में माता सुमित्रा का योगदान महत्वपूर्ण है, जिसे इस कृति के माध्यम से साहित्यिक अभिव्यक्ति मिली है। रामायण में सुमित्रा के योगदान पर चर्चा समारोह में आचार्य मैथिलीनंदिनी शरण ने कहा कि रामराज्य के दो प्रमुख ध्रुव श्रीराम और भरत हैं। इन्हें लक्ष्मण और शत्रुघ्न का संबल मिला। खास बात यह है कि लक्ष्मण और शत्रुघ्न दोनों माता सुमित्रा के पुत्र हैं। इससे रामायण में उनके चरित्र और योगदान की महत्ता समझी जा सकती है। पूर्व कुलपति प्रो. मनोज दीक्षित ने कहा कि रामायण का वैभव केवल प्रमुख पात्रों तक सीमित नहीं है। इसका हर चरित्र अपने भीतर विशेष जीवन-दर्शन और प्रेरणा समेटे हुए है। उन्होंने माता सुमित्रा के योगदान को साहित्य के माध्यम से सामने लाने के प्रयास की सराहना की। भाषा और साहित्यिक सौंदर्य की सराहना पद्मश्री प्रो. विद्याबिंदु सिंह ने पुस्तक की भाषा, परिपक्वता और साहित्यिक सौंदर्य की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि भारतीय महाकाव्यों की कथाएं लोकपरंपराओं के माध्यम से जनमानस का हिस्सा बनती रही हैं। महाकाव्य और लोकसाहित्य का यह संबंध भारतीय संस्कृति की विशेषता है। कृति के रचयिता डॉ. अरविंद प्रबोध मिश्र ने पुस्तक की रचना के पीछे की प्रेरणा और भावभूमि साझा की। उन्होंने बताया कि इसमें माता सुमित्रा के व्यक्तित्व और जीवन-दर्शन को काव्य के माध्यम से प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है। भक्तिकालीन रचनाओं पर हुई संगीत प्रस्तुति साहित्यिक विमर्श के बाद भक्तिकालीन संतों की रचनाओं पर आधारित शास्त्रीय संगीत प्रस्तुतियां हुईं। इस मौके पर पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. सुचिता चतुर्वेदी, राष्ट्रधर्म के संपादक मनोजकांत, राकेश मिश्र, डॉ. धर्मपाल सिंह, डॉ. जयकरण नाथ और हरिशंकर सिंह सहित साहित्यकार, शिक्षाविद् और कला प्रेमी मौजूद रहे। अंत में त्रिसामा आर्ट्स के संस्थापक अभिषेक शर्मा ने भारतीय साहित्य, संगीत और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए संस्था की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)