फिरोजाबाद में 70 फीट गहरे कुएं में गिरी बुजुर्ग महिला:पुलिस-फायर ब्रिगेड ने रस्सी के सहारे बोरी में बिठाकर निकाला
फिरोजाबाद में 70 साल की वृद्ध महिला अचानक 70 फीट गहरे कुएं में जा गिरी। महिला के कुएं में गिरने की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना नसीरपुर पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने फायर फाइटर और अग्निशमन विभाग की टीम की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू कराया। काफी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने कुएं में फंसी वृद्ध महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। महिला के जीवित बाहर आने से मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। मामला थाना नसीरपुर क्षेत्र के नगला सीताराम गांव का है। बताया गया है कि महिला की पहचान शांति देवी (70) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार उनकी आंखों की करोशनी कमजोर है और वह मानसिक रूप से भी कमजोर हैं। ऐसे में उनके कुएं में गिरने के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। वहीं, कुएं से बाहर निकाले जाने के बाद महिला की कुछ बातों के आधार पर पारिवारिक कलह की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, महिला के कुएं में गिरने के पीछे वास्तविक वजह क्या रही, यह अभी स्पष्ट नहीं है। मामले के सभी पहलुओं की जांच आवश्यक है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)