प्रयागराज के छह लेन पुल निर्माण एजेंसी को अल्टीमेटम:डीएम ने कहा- काम पूरा नहीं हुआ तो कार्यदायी संस्था पर एफआईआर होगी
प्रयागराज की दो महत्वपूर्ण आधारभूत परियोजनाओं के निर्माण में हो रही देरी को लेकर डीएम मनीष कुमार वर्मा ने सख्त रुख अपनाया है। गंगा पर बन रहे बहुप्रतीक्षित छह लेन पुल और इलाहाबाद विश्वविद्यालय के विज्ञान संकाय परिसर के बगल में निर्माणाधीन मल्टीपरपज कल्चरल कॉम्प्लेक्स को लेकर डीएम ने 10 दिसंबर की समयसीमा तय की है। छह लेन पुल की एक साइड का काम इस तारीख तक पूरा नहीं हुआ तो संबंधित कार्यदायी संस्था के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। साथ ही अन्य कार्रवाई भी की जाएगी। गुरुवार को पीडीए उपाध्यक्ष ऋषिराज और नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा के साथ निरीक्षण पर पहुंचे डीएम ने छह लेन पुल के निर्माण की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने कार्यदायी संस्था को मशीनरी और श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर काम में तेजी लाने का निर्देश दिया। सेतु निगम के अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित करते हुए प्रतिदिन निर्माण की प्रगति रिपोर्ट देने को कहा। डीएम ने स्पष्ट किया कि निर्माण की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। फरवरी 2021 में शुरू हुआ था छह लेन पुल का निर्माण
स्टेनली रोड के कलश चौराहे से गंगापार के मलाक हरहर तक बन रहा यह छह लेन पुल प्रयागराज की सबसे महत्वपूर्ण सड़क परियोजना है। करीब 9.8 किलोमीटर लंबी इस परियोजना पर करीब 1,947 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की परियोजना का निर्माण एसपी सिंगला कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड करा रही है। महाकुंभ के पहले पूरा करने का था लक्ष्य
परियोजना की आधारशिला वर्ष 2020 में रखी गई थी और फरवरी 2021 में निर्माण कार्य शुरू हुआ। इसे महाकुंभ 2025 से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था। शुरुआती समयसीमा फरवरी 2024 निर्धारित थी, लेकिन विभिन्न बाधाओं के कारण निर्माण आगे बढ़ता गया। बाद में समयसीमा में कई बार विस्तार करना पड़ा। वर्ष 2025 में गंगा में बाढ़ के कारण नदी के बीच निर्माण कार्य भी प्रभावित हुआ। जुलाई 2025 में बाढ़ के चलते सेगमेंट लगाने का काम रोकना पड़ा था। इसके बाद शेष निर्माण के लिए नए सिरे से कार्ययोजना बनानी पड़ी। आसान होगा लखनऊ का आवागमन
करीब 9.8 किलोमीटर लंबे इस पुल में गंगा पर मुख्य पुल के साथ एप्रोच और एलिवेटेड हिस्से भी शामिल हैं। इसका निर्माण पूरा होने से स्टेनली रोड से मलाक हरहर के बीच सीधा संपर्क मिलेगा। इससे फाफामऊ और तेलियरगंज की ओर जाने वाले यातायात का दबाव कम होने तथा लखनऊ, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर और अयोध्या की ओर जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्ग मिलने की उम्मीद है। माघ मेला और कुंभ जैसे बड़े आयोजनों के दौरान भी इसका खास महत्व होगा।
महाकुंभ से पहले पूरा होना था कल्चरल कॉम्प्लेक्स
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के विज्ञान संकाय परिसर के बगल में बन रहा मल्टीपरपज कल्चरल कॉम्प्लेक्स भी समयसीमा से पीछे चल रहा है। यह परियोजना प्रयागराज स्मार्ट सिटी योजना के तहत पीडीए की ओर से विकसित कराई जा रही है। इसकी अनुमानित लागत करीब 47 करोड़ रुपये है।
इस परियोजना का निर्माण पहले विश्वविद्यालय के एनसीसी भवन के पीछे प्रस्तावित था, लेकिन रक्षा विभाग से अनापत्ति प्रमाणपत्र नहीं मिलने के कारण फरवरी 2022 में काम रोकना पड़ा था। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने विज्ञान संकाय परिसर में पृथ्वी एवं ग्रहीय विज्ञान विभाग के पास नई जमीन उपलब्ध कराई। फरवरी 2023 में नए स्थल पर निर्माण कार्य शुरू हुआ। उस समय इसे महाकुंभ 2025 से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था।
1500 सीटों का बन रहा सभागार
इस परिसर को करीब 1500 लोगों की क्षमता वाले आधुनिक सभागार के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसमें भूतल पर लगभग 900 और प्रथम तल पर 600 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। बेसमेंट में 250 से अधिक वाहनों की पार्किंग बनाई जा रही है। इसके अलावा करीब 300 दर्शकों की क्षमता वाला ओपन थिएटर, 250-250 लोगों की क्षमता वाले दो कॉन्फ्रेंस हॉल और दो प्रदर्शनी हॉल भी प्रस्तावित हैं। सभागार में आधुनिक साउंड, लाइट, डिजिटल डिस्प्ले और अन्य सुविधाएं विकसित की जानी हैं।
इस परियोजना के पूरा होने से शहर में सरकारी, सांस्कृतिक, शैक्षिक और बड़े सार्वजनिक आयोजनों के लिए आधुनिक स्थल उपलब्ध होगा। अभी ऐसे आयोजनों के लिए बड़े सभागारों और सुविधायुक्त स्थलों की सीमित उपलब्धता चुनौती बनी रहती है।
दोनों परियोजनाओं की समयसीमा पर प्रशासन की नजर
कल्चरल कॉम्प्लेक्स का अगस्त 2026 में भी मंडलायुक्त स्तर से निरीक्षण कर सितंबर के अंत तक काम पूरा करने का निर्देश दिया गया था। इसके बावजूद निर्माण पूरा नहीं हो सका। अब जिलाधिकारी ने 10 दिसंबर तक इसे गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने का निर्देश दिया है। जिलाधिकारी ने दोनों परियोजनाओं के निरीक्षण के दौरान स्पष्ट किया कि अब निर्माण की गति और गुणवत्ता की नियमित समीक्षा होगी। छह लेन पुल के मामले में प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट अनिवार्य कर दी गई है। 10 दिसंबर की समयसीमा पूरी नहीं होने पर कार्यदायी संस्था के खिलाफ एफआईआर की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)