प्रयागराज में अतीक का दामाद कर रहा अवैध प्लॉटिंग:हिस्ट्रीशीटर पर PDA ने लिखाई FIR, 2 नवंबर को मारपीट का वीडियो हुआ था वायरल

Nov 22, 2026 - 17:05
0
प्रयागराज में अतीक का दामाद कर रहा अवैध प्लॉटिंग:हिस्ट्रीशीटर पर PDA ने लिखाई FIR, 2 नवंबर को मारपीट का वीडियो हुआ था वायरल
प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद की बहन के दामाद खालिद जफर और अन्य लोगों के खिलाफ अवैध प्लाटिंग के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई है। आरोप है कि खालिद जफर और उसके साथियों ने कसारी-मसारी में बिना लेआउट स्वीकृत कराए बड़े पैमाने पर अवैध प्लाटिंग की। यहां 6 आराजी में अनधिकृत तरीके से भूखंड काटे गए। 16 नवंबर को PDA की प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर बुलडोजर चलवाया था।। इसके बाद प्राधिकरण के जेई विनोद कुमार गुप्ता ने धूमनगंज थाने में तहरीर दी थी। इस पर शनिवार देर रात मुकदमा लिखा गया। PDA अफसरों ने बताया, कसारी-मसारी खालिद जफर व अन्य लोगों ने बिना नक्शा पास कराए भूखंड बनाए। ध्वस्तीकरण के दौरान कुछ भूखंड खरीदार भी मौके पर मौजूद थे। बिना नक्शा पास कराए काटे जा रहे थे भूखंड प्राधिकरण ने अपनी शिकायत में अवैध प्लाटिंग से होने वाले नुकसान का भी जिक्र किया है। बताया गया है कि विकास प्राधिकरण से लेआउट स्वीकृत कराए बिना कॉलोनी विकसित करने से सड़क, नाली, सीवर, पेयजल, बिजली और पार्क जैसी बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था नहीं हो पाती है। ऐसी कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को बाद में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इन सुविधाओं को उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी अंततः सरकारी विभागों पर आ जाती है, जिससे सरकारी राजस्व पर अतिरिक्त बोझ पड़ता है। शिकायत में यह भी आशंका जताई गई है कि अवैध प्लाटिंग करने वाले एक ही भूखंड को कई लोगों को बेच देते हैं। कई बार किसी दूसरी आराजी का भूखंड बताकर किसी अन्य स्थान पर कब्जा दे दिया जाता है। इससे खरीदारों के साथ धोखाधड़ी और जमीन को लेकर विवाद की स्थिति पैदा होती है। उमेश पाल हत्याकांड का भी आरोपी है खालिद जफर खालिद जफर धूमनगंज थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उमेश पाल हत्याकांड के आरोपियों में भी शामिल है। उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। कसारी-मसारी में अवैध प्लाटिंग के मामले में अब उसके खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज हुआ है। मारपीट का वीडियो वायरल होने पर भी दर्ज हुई थी FIR इससे पहले 2 नवंबर को खालिद जफर का मारपीट करते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में मारपीट की घटना सामने आने के बाद धूमनगंज थाने में उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। इस घटना में उसके साथ उसका बहनोई इरफान भी नामजद हुआ था। 12 दिन बाद इरफान की तहरीर पर इस मामले में क्रॉस एफआईआर दर्ज हुई।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User