मतदाता सूची से बाहर हैं 1.64 करोड़ महिलाएं:प्रदेश में पहली बार मतदाता बनने लायक 73 लाख युवा भी छूटे

Nov 27, 2026 - 05:11
0
मतदाता सूची से बाहर हैं 1.64 करोड़ महिलाएं:प्रदेश में पहली बार मतदाता बनने लायक 73 लाख युवा भी छूटे
भारत निर्वाचन आयोग की टीम विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों की समीक्षा कर रही है। इसको लेकर गोरखपुर में गुरुवार को 11 जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों व पुलिस के अधिकारियों के साथ बैठक की गई। बैठक में टीम ने बूथ की सुविधा से लेकर सचल दस्ते, मतदाता बनाने, जनगणना के प्रथम चरण के संभावित आंकड़ों के मुकाबले मतदाताओं की संख्या में अंतर, उम्र के अनुसार मतदाता, मतदाता बनने के पात्र लोगों को लेकर विस्तार से समीक्षा की। सभी जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों ने प्रजेंटशन के माध्यम से अने जिले में चल रही तैयारियों से अवगत कराया। बैठक में इस बात की चर्चा हुई कि मतदाता सूची में जेंडर रेशियो सुधारने पर जोर देना होगा। महिलाओं की आबादी के मुकाबले बहुत कम महिलाएं मतदाता हैं। पूरे प्रदेश में लगभग 1 करोड़ 64 लाख महिलाएं ऐसी हैं, जो पात्र हैं लेकिन मतदाता नहीं बन सकी हैं। इन महिलाओं को मतदाता बनाने पर जोर दिया गया। इसी तरह पूरे प्रदेश में लगभग 73 लाख ऐसे युवा हैं, जो 1 जनवरी 2027 तक मतदाता बनने की अर्हता पूरी कर लेंगे। ये युवा भी अभी तक मतदाता बनने से वंचित हैं। विशेष अभियान में उनको मतदाता बनाने पर भी जोर देने को कहा गया है। वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग ने समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा की उपस्थिति में गोरखपुर, वाराणसी एवं बस्ती मंडलों के 11 जनपदों की निर्वाचन तैयारियों की हुई समीक्षा की गई। वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त ने मतदाता सूची की शुद्धता बनाए रखने तथा शून्य त्रुटि, शून्य हिंसा एवं शून्य प्रलोभन के लक्ष्य के साथ निर्वाचन संपन्न कराने के दिए निर्देश। बैठक में कहा गया कि 85 वर्ष से अधिक आयु के एवं दिव्यांग मतदाताओं को घर बैठे वोटिंग की सुविधा दी जाएगी। इन बिन्दुओं पर हुई समीक्षा समीक्षा बैठक में गोरखपुर, वाराणसी एवं बस्ती मंडलों के अंतर्गत आने वाले कुल 11 जनपदों में विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया गया। निर्वाचन आयोग की टीम ने मतदाता सूची को त्रुटिरहित तैयार करने एवं अद्यतन करने संबंधी कार्यवाही, मतदान केंद्रों एवं मतदेय स्थलों पर आवश्यक न्यूनतम सुविधाओं की उपलब्धता (AMF), EVM एवं VVPAT की उपलब्धता एवं प्रबंधन, निर्वाचन कार्मिकों की उपलब्धता एवं प्रशिक्षण, जनपदवार निर्वाचन प्रबंधन योजना (DEMP) तथा निर्वाचन प्रक्रिया के सुचारु संचालन से जुड़े विभिन्न बिन्दुओं पर समीक्षा की। इसके अतिरिक्त कानून-व्यवस्था की स्थिति, क्रिटिकल एवं वल्नरेबल मतदेय स्थलों का चिह्नीकरण एवं प्रभावी प्रबंधन, सुरक्षा बलों की उपलब्धता एवं तैनाती की योजना, मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं, मतदेय स्थलों की वेबकास्टिंग, निर्वाचन के दौरान पुलिस एवं प्रशासन के बीच समन्वय तथा निर्वाचन व्यय अनुवीक्षण से संबंधित व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। विगत निर्वाचनों के अनुभवों के आधार पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) की उपलब्धता, आवश्यकता एवं तैनाती की रणनीति पर भी चर्चा की गई। वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग ने निर्देश दिए कि निर्वाचन से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरी पारदर्शिता, शुद्धता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वाचन अधिनियमों, नियमों तथा भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराए जाएं। निर्वाचन तैयारियों में किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन को शून्य हिंसा (Zero Violence), शून्य प्रलोभन (Zero Inducement) एवं शून्य त्रुटि (Zero Error) के लक्ष्य के साथ संपन्न कराने के लिए सभी स्तरों पर ठोस कार्ययोजना के अनुरूप कार्य किया जाए। मतदाता सूची की शुद्धता पर विशेष जोर उन्होंने मतदाता सूची की शुद्धता एवं गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष बल दिया। उन्होंने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO), BLO एवं सुपरवाइजर्स का समुचित प्रशिक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मतदाता सूची से संबंधित आवेदन पत्रों एवं उनके सत्यापन की जिला निर्वाचन अधिकारियों एवं मंडलायुक्तों द्वारा स्वयं सुपर चेकिंग किए जाने तथा मंडलायुक्त एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी स्तर से मतदाता सूची संबंधी कार्यों का प्रभावी अनुश्रवण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त ने मतदाता सूचना पर्चियों का समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करने तथा सेवा मतदाताओं को ETPBS की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने क्रिटिकल एवं वल्नरेबल मतदेय स्थलों के चिह्नीकरण एवं प्रभावी प्रबंधन तथा सीमावर्ती जनपदों के अधिकारियों के साथ समन्वय बैठकें आयोजित करने पर विशेष जोर दिया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने कहा कि समीक्षा बैठकों का उद्देश्य जनपद स्तर पर निर्वाचन तैयारियों का आकलन करना, कमियों को चिह्नित करना तथा उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने मतदाता सूची की शुद्धता एवं गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के दौरान भारत निर्वाचन आयोग के ध्येय 'कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में सम्मिलित होने से वंचित न रहे' के अनुपालन में छूटे हुए पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं एवं महिलाओं को मतदाता सूची में सम्मिलित करने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। दो मंडलों के 6 जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों की बैठक शुक्रवार को होगी। सभी जिलों में बनानी होगी डुप्लीकेट फ्री मतदाता सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी रिणवा ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को दोहरी प्रविष्टियों से मुक्त मतदाता सूची बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अनुपस्थित, स्थानांतरित, दोहरी प्रविष्टि एवं मृतक (ASDD) मतदाताओं का नियमानुसार सत्यापन करा लिया जाए। उन्होंने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारियों एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि BLO सुपरवाइजर एवं BLO के माध्यम से टेबल टॉप एक्सरसाइज कराकर मतदाता सूची की गहन जांच की जाए, जिससे दिनांक 04 जनवरी, 2027 को मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के पश्चात उसमें किसी प्रकार की त्रुटि न रहने पाए। बूथों पर करनी होंगी ये व्यवस्थाएं सभी मतदान केंद्रों पर पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, छाया, पर्याप्त फर्नीचर, महिलाओं एवं पुरुषों के लिए पृथक शौचालय, दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैंप तथा मतदान केंद्रों तक सुगम पहुंच एवं समुचित सड़क व्यवस्था सहित आवश्यक न्यूनतम सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाएगी। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दौरान समस्त मतदेय स्थलों पर वेबकास्टिंग कराई जाएगी। मतदेय स्थलों में कैमरों को सुव्यवस्थित ढंग से स्थापित करने तथा वेबकास्टिंग की प्रभावी निगरानी हेतु प्रशिक्षित कार्मिकों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। राजनीतिक दलों के साथ बैठक करें डीएम भारत निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने कहा कि सभी जिला निर्वाचन अधिकारी समय-समय पर राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें आयोजित करते हुए उन्हें निर्वाचन संबंधी गतिविधियों एवं आयोग के दिशा-निर्देशों से अवगत कराते रहेंगे। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी भी खुद को नियमों से अपडेट रखें। मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री नवदीप रिणवा ने बताया कि प्रदेश में निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा चरणबद्ध ढंग से की जा रही है। इससे पूर्व मेरठ में 4 मंडलों के 18 जनपदों तथा आगरा में 5 मंडलों के 21 जनपदों की समीक्षा की जा चुकी है। गोरखपुर में गुरूवार को तीन मंडलों के 11 जनपदों की समीक्षा की गई। 27 नवम्बर, 2026 को आजमगढ़ एवं विंध्याचल मंडलों के 6 जनपदों की समीक्षा की जाएगी, तत्पश्चात लखनऊ में भी समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User