सैयद मोदी बैडमिंटन:उन्नति-तन्वी और गायत्री-त्रिशा सेमीफाइनल में; सात्विक-रेशिका भी अंतिम चार में पहुंची
गोमतीनगर स्थित बाबू बनारसी दास बैडमिंटन अकादमी में चल रही सैयद मोदी इंडिया चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। शुक्रवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबलों के बाद महिला एकल में उन्नति हुड्डा और तन्वी शर्मा, महिला युगल में गत विजेता गायत्री गोपीचंद-त्रिशा जॉली और मिश्रित युगल में सात्विक रेड्डी कन्नपुरम-रेशिका की जोड़ी ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है। महिला एकल के एक बेहद रोमांचक मुकाबले में तीसरी वरीय उन्नति हुड्डा ने हमवतन अनमोल खरब को कड़े संघर्ष के बाद 21-19, 15-21, 21-18 से हराया। एक घंटे 17 मिनट तक चले इस मैराथन मैच में दोनों खिलाड़ियों के बीच एक-एक अंक के लिए जोरदार टक्कर हुई, लेकिन निर्णायक क्षणों में उन्नति ने संयम दिखाते हुए बाजी मार ली। इसी वर्ग के दूसरे क्वार्टर फाइनल में दूसरी वरीय तन्वी शर्मा ने इंडोनेशिया की एनकेडीए प्रतिवी को एक घंटे तीन मिनट तक चले मुकाबले में 21-19, 18-21, 21-14 से मात दी। अब सेमीफाइनल में उन्नति हुड्डा और तन्वी शर्मा आमने-सामने होंगी, जिससे इस वर्ग में भारत का एक पदक पक्का हो गया है। महिला युगल में शीर्ष वरीय और गत विजेता गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली की जोड़ी बिना कोर्ट पर उतरे ही सेमीफाइनल में पहुंच गई। फ्रांस की सातवीं वरीय जोड़ी मार्गोट लैम्बर्ट व केमिली पोगनैंट के बीमारी के कारण हटने से भारतीय जोड़ी को वॉकओवर मिल गया। अंतिम चार में गायत्री-त्रिशा का सामना यूक्रेन की पोलिना बुह्रोवा व येव्हेनिया कांतमिर से होगा, जिन्होंने भारत की अश्विनी भट्ट और शिखा गौतम को 13-21, 21-12, 22-20 से हराया। मिश्रित युगल में भारत के सात्विक रेड्डी कन्नपुरम व रेशिका की जोड़ी ने एकतरफा जीत दर्ज की। उन्होंने हमवतन विराज कुवले और रुतुपर्णा पांडा को सीधे गेम में 21-8, 21-14 से शिकस्त देकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया। अन्य मुकाबलों में भारत को निराशा हाथ लगी। पुरुष एकल में इंडोनेशिया के प्रदिस्का बागास शुजीवो ने भारत के तुषार सुवीर को 19-21, 21-19, 21-9 से हराया। वहीं, महिला एकल में शीर्ष वरीय जापान की रिको गुंजी ने भारत की तस्नीम मीर को 21-11, 21-11 से मात दी। पुरुष युगल में शीर्ष वरीय इंडोनेशिया के रेमंड इंद्र व निकोलौस जोकिन ने भारत के साई प्रतीक के. व रूबन कुमार आर. को 20-22, 21-13, 21-9 से हराया। इसके अलावा सातवीं वरीय इंडोनेशिया के चालोएमपोन चारोएनकिटामोर्न व वोरापोल थोंगसा-नगा ने तीसरी वरीय भारत के हरिहरन आमसाकरुणन व एम.आर. अर्जुन को 10-21, 21-12, 21-13 से हराकर उलटफेर किया। अन्य विदेशी खिलाड़ियों के मुकाबलों में पुरुष एकल में मलेशिया के दूसरी वरीय ली ज़ी जिया के चोटिल होकर हटने से फ्रांस के अर्नौड मर्केल सेमीफाइनल में पहुंच गए। वहीं, पुरुष युगल में चीनी ताइपे की जोड़ी के चोटिल होने के कारण थाईलैंड के पीराचाई सुकफुन व पक्कापोन टीरारतसाकु को वॉकओवर मिला।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)