प्रयागराज में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का अभियान:28-29 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर रहेंगे बीएलओ, युवाओं पर फोकस
प्रयागराज में मतदाता सूची में नए और छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलेगा। इन दोनों दिन जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) मौजूद रहेंगे। पात्र नागरिक फॉर्म-6 भरकर नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकेंगे। अभियान में पहली बार मतदाता बनने जा रहे युवाओं और अब तक पंजीकरण नहीं करा सके पात्र नागरिकों पर फोकस रहेगा। जिला निर्वाचन अधिकारी और जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने सिविल डिफेंस, व्यापार मंडल और विभिन्न संगठनों से लोगों को जागरूक करने की अपील की है। शुक्रवार को संगम सभागार में हुई बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य किसी भी पात्र नागरिक को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित न रहने देना है। उन्होंने कहा कि इसके लिए प्रशासन के साथ सामाजिक और व्यापारिक संगठनों की भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने संगठनों के प्रतिनिधियों से अपने संपर्क क्षेत्रों, बाजारों और मोहल्लों में घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करने को कहा। साथ ही, पात्र नागरिकों को अभियान के दिनों में बूथ तक पहुंचकर आवेदन करने के लिए प्रेरित करने की अपील की। जिलाधिकारी ने कहा कि शहर की तीनों विधानसभा सीटों में मतदाता सूची के पुनरीक्षण का काम धीमा है। उन्होंने सिविल डिफेंस, व्यापार मंडल और अन्य संगठनों से इस काम में सक्रिय भूमिका निभाने को कहा। उन्होंने खास तौर पर उन युवाओं तक पहुंचने पर जोर दिया, जिन्होंने मतदाता बनने की पात्रता पूरी कर ली है, लेकिन अब तक सूची में नाम नहीं जुड़वाया है। संगठनों के प्रतिनिधियों से ऐसे लोगों की पहचान कर उन्हें आवेदन के लिए प्रेरित करने को कहा। बूथ पर भी और ऑनलाइन भी कर सकेंगे आवेदन
डीएम ने बताया कि 28 और 29 नवंबर को सभी बीएलओ अपने निर्धारित बूथों पर उपस्थित रहेंगे। वहां फार्म-6 पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रहेंगे, ताकि नए मतदाताओं के पंजीकरण में किसी तरह की परेशानी न हो। जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में नहीं है, वे बूथ पर जाकर फार्म-6 भर सकते हैं। इसके अलावा निर्वाचन आयोग के ECINET मोबाइल एप और पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अभियान के दोनों दिनों का लाभ उठाकर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए आवेदन करें।
कॉलेजों में लगेंगे पंजीकरण शिविर
युवा मतदाताओं का पंजीकरण बढ़ाने के लिए जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को विद्यालयों में विशेष शिविर आयोजित कराने के निर्देश दिए। इन शिविरों के माध्यम से पात्र छात्र-छात्राओं को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी देने और उनसे फार्म-6 भरवाने पर जोर दिया गया। बैठक में उपजिलाधिकारी निर्वाचन उपमा पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी नगर मंगलेश दुबे, नगर मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंह सहित सिविल डिफेंस, व्यापार मंडल के प्रतिनिधि, संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)