शादी के ऐन वक्त पर दगा देकर बैंड संचालक फरार:82 हजार में बुकिंग, 40 हजार एडवांस लेकर भी बारात में नहीं पहुंचा बैंड
शादी की तैयारियां पूरी थीं। बारात निकलने का वक्त हो चुका था और घर में मेहमानों की भीड़ जुटी थी। बैंड-बाजे की धुन पर बारात निकलने का इंतजार हो रहा था लेकिन ऐन वक्त पर बैंड संचालक ने ऐसा दगा दिया कि परिवार की खुशियों में खलल पड़ गया। बेगमबाग स्थित रवि बैंड का संचालक चार परिवारों से लाखों रुपये लेने के बाद कथित तौर पर फरार हो गया। शनिवार को बैंड बारात में नहीं पहुंचा तो हंगामा खड़ा हो गया। एक के बाद एक तीन अन्य परिवार भी सामने आ गए और उन्होंने भी बैंड संचालक पर रकम लेकर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया। रविवार को आरोपी की पत्नी लालकुर्ती थाने पहुंची, जहां पुलिस ने साफ कर दिया कि पहले चारों परिवारों की रकम वापस कराई जाए। ऐसा नहीं होने पर शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी। तीन महीने पहले बुक किया, 40 हजार एडवांस भी दिए
मीनाक्षीपुरम निवासी निशांत सागर के बड़े भाई प्रशांत की शादी में शनिवार को बारात जानी थी। परिवार ने करीब तीन महीने पहले ही बेगमबाग स्थित रवि बैंड की बुकिंग कर दी थी। बैंड संचालक रितिक ठाकुर से 82 हजार रुपये में सौदा तय हुआ था। इसके एवज में परिवार ने 40 हजार रुपये एडवांस भी जमा कर दिए थे। परिवार को उम्मीद थी कि शादी के दिन बैंड समय पर पहुंचेगा और बारात धूमधाम से निकलेगी, लेकिन शनिवार को तय समय पर बैंड नहीं पहुंचा। काफी इंतजार के बाद भी जब संचालक की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो परिवार के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बेगमबाग पहुंचकर किया हंगामा, तीन और परिवार पहुंचे
बैंड के नहीं पहुंचने पर निशांत सागर अपने परिचितों को साथ लेकर बेगमबाग स्थित रवि बैंड के ठिकाने पर पहुंच गए। वहां उन्होंने संचालक के खिलाफ हंगामा किया। इसी बीच तीन अलग-अलग परिवार भी वहां पहुंच गए। इन परिवारों ने भी आरोप लगाया कि बैंड संचालक उनसे रकम लेने के बाद अब कार्यक्रमों में बैंड भेजने से मुकर रहा है। चार परिवारों के एक साथ सामने आने से मामला गरमा गया। मौके पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझाकर शांत कराया। चारों परिवारों ने संचालक पर लाखों रुपये लेकर फरार होने का आरोप लगाया। शादी में व्यस्त रहे परिवार, थाने नहीं पहुंच सके
शनिवार को हुए हंगामे के बाद रविवार को भी बैंड संचालक रितिक ठाकुर का कोई पता नहीं चल सका। चारों परिवारों के यहां वैवाहिक कार्यक्रम होने के कारण वे रविवार को लालकुर्ती थाने पहुंचकर लिखित शिकायत नहीं दे सके। हालांकि मामला लगातार चर्चा में बना रहा। रविवार को आरोपी की पत्नी लालकुर्ती थाने पहुंची और पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की। उसने पुलिस से बातचीत की, लेकिन आरोपी संचालक के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई। पुलिस ने पत्नी से कहा, पहले लौटाएं चारों परिवारों की रकम
पुलिस ने आरोपी की पत्नी को स्पष्ट कर दिया कि चारों परिवारों की रकम वापस कराई जाए। जब तक सभी पीड़ित परिवारों का पैसा वापस नहीं होता, तब तक मामले में राहत की बात नहीं हो सकती। पुलिस ने यह भी साफ किया कि यदि रकम वापस नहीं की जाती और पीड़ित परिवार लिखित शिकायत देते हैं तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। तहरीर मिलने का इंतजार कर रही पुलिस
प्रभारी थानाध्यक्ष अजीत सिंह के मुताबिक, अभी तक इस मामले में पुलिस को कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। संभव है कि पीड़ित परिवारों और बैंड संचालक पक्ष के बीच कोई बातचीत हुई हो। यदि बातचीत से समाधान नहीं निकलता और परिवार शिकायत देते हैं तो पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। फिलहाल पुलिस की नजर चारों परिवारों की शिकायत और रकम वापसी को लेकर होने वाले घटनाक्रम पर है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)