सहारनपुर में सत्यम ज्वैलर्स शोरूम से चांदी चोरी:24 साल पुराने कर्मचारी पर 30 लाख की चांदी लेकर पत्नी-बेटी के साथ बेचने का आरोप; खाने के थैले में रखकर बाहर भेजता था
सहारनपुर में कोर्ट रोड स्थित थ्रिल प्लाजा के सत्यम ज्वैलर्स शोरूम में करीब 24 साल से काम कर रहे कर्मचारी पर मालिक का भरोसा तोड़कर करीब 13 किलो चांदी के जेवर चोरी कर बेचने का आरोप लगा है। आरोप है कि कर्मचारी अपनी पत्नी और बेटी की मदद से शोरूम से चांदी के जेवर बाहर ले जाता था। इसके लिए वह खाने के थैले का इस्तेमाल करता था। स्टॉक का मिलान करने पर करीब 30 लाख रुपए कीमत के चांदी के जेवर कम मिले। मामले में शोरूम मालिक की शिकायत पर थाना सदर बाजार पुलिस ने कर्मचारी, उसकी पत्नी और बेटी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। चर्च रोड निवासी राजीव कुमार जैन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी पिछले 24-25 साल से कोर्ट रोड स्थित थ्रिल प्लाजा में सत्यम ज्वैलर्स के नाम से तीन मंजिला ज्वैलरी शोरूम है। शोरूम के भूतल पर चांदी के सामान का सेक्शन है, जबकि ऊपर की मंजिलों पर सोने और हीरे की ज्वैलरी का काम होता है। वह अपने बेटे तुषार के साथ शोरूम का संचालन करते हैं। राजीव जैन के अनुसार, हरबंश कुमार जैन निवासी जैनबाग, कृष्ण नगर पिछले करीब 23-24 साल से उनके यहां कर्मचारी के रूप में काम कर रहा था। लंबे समय से काम करने के कारण उन्हें उस पर काफी विश्वास था। इसी भरोसे के चलते करीब 10 साल पहले उन्होंने चांदी के जेवर और सामान के पूरे सेक्शन की जिम्मेदारी हरबंश को सौंप दी थी। वह खुद ही सेक्शन में बैठकर ग्राहकों को जेवर दिखाता, बेचता और स्टॉक की देखरेख करता था। ग्राहक लौटने लगे तो हुआ स्टॉक कम होने का शक शिकायतकर्ता ने बताया कि पिछले कुछ समय से उन्होंने देखा कि चांदी के जेवर खरीदने आने वाले कई ग्राहक बिना सामान खरीदे ही लौट रहे थे। जब उन्होंने कुछ ग्राहकों से इसकी वजह पूछी तो पता चला कि शोरूम में चांदी के जेवरों का पर्याप्त स्टॉक नहीं है। ग्राहकों को उनकी पसंद का सामान नहीं मिल पा रहा था। इस बारे में जब उन्होंने हरबंश से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह ग्राहकों को चांदी का पूरा सामान दिखाता है, लेकिन उन्हें पसंद नहीं आता। इसलिए ग्राहक बिना खरीदारी किए लौट जाते हैं। शुरुआत में उन्होंने उसकी बात पर भरोसा कर लिया, लेकिन लगातार ऐसी स्थिति सामने आने पर उन्हें शक होने लगा। इसके बाद उन्होंने अपने बेटे तुषार के साथ चांदी के जेवरों का स्टॉक चेक कराया। शुरुआती जांच में करीब दो किलो चांदी का सामान कम मिला। बाद में पुराने स्टॉक का भी मिलान कराया गया तो करीब 13 किलो चांदी के जेवर और सामान गायब मिला। इसकी कीमत करीब 30 लाख रुपए बताई गई है। पत्नी और बेटी खाने का थैला लेकर आती थीं शोरूम राजीव जैन ने शिकायत में बताया कि उन्होंने और उनके बेटे ने पिछले कुछ समय से एक और बात नोटिस की थी। पहले हरबंश अपने घर से खाना लेकर आता था, लेकिन कुछ समय से कभी उसकी पत्नी ममता तो कभी बेटी प्रिया खाने का थैला लेकर शोरूम पहुंचती थीं। खाना देने के बाद वे थैला वापस लेकर चली जाती थीं। जब उन्होंने हरबंश से इस बारे में पूछा तो उसने बताया कि कई बार सुबह घर पर खाना तैयार नहीं हो पाता है। ऐसे में उसकी पत्नी और बेटी खाना बनाकर शोरूम आ जाती हैं, जिससे उसे गर्म और ताजा खाना मिल जाता है। कर्मचारी के परिवार के सदस्य होने के कारण शोरूम मालिक ने कभी इस पर संदेह नहीं किया। पूछताछ में पत्नी-बेटी के साथ जेवर बेचने की बात कबूलने का आरोप शिकायत के मुताबिक, जब स्टॉक में करीब 13 किलो चांदी के जेवर कम मिले तो हरबंश से दोबारा पूछताछ की गई। शुरुआत में वह टालमटोल करता रहा, लेकिन बाद में उसने अपनी गलती स्वीकार कर ली। राजीव जैन का आरोप है कि हरबंश ने बताया कि उसने शोरूम से चांदी के जेवर अपनी पत्नी ममता और बेटी प्रिया के माध्यम से बाहर ले जाकर बेच दिए हैं। उसने यह भी बताया कि जब उसकी पत्नी और बेटी खाना लेकर आती थीं तो खाने के थैले में चांदी के जेवर रखकर उनके साथ बाहर भेज देता था। इस तरह सामान बाहर ले जाने पर किसी को शक नहीं होता था। बाइक और कार खरीदने की भी बताई बात शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उनके संज्ञान में यह भी आया कि हरबंश ने पिछले कुछ समय में रॉयल एनफील्ड बाइक और वरना कार खरीदी है। जब उन्होंने हरबंश से मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही तो वह माफी मांगने लगा। राजीव जैन के अनुसार, 30 जुलाई 2026 को हरबंश ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए लिखित में एक कबूलनामा दिया था। इसमें उसने स्टॉक में कम मिले चांदी के जेवर और सामान को हर हाल में पूरा करने का भरोसा दिया था। हालांकि, एक महीने से अधिक समय बीतने के बाद भी उसने न तो जेवर वापस किए और न ही उनकी कीमत के पैसे दिए। अब फोन भी नहीं उठा रहा कर्मचारी शिकायतकर्ता का आरोप है कि अब हरबंश न तो उनसे मिल रहा है और न ही फोन उठा रहा है। उन्हें आशंका है कि चोरी किए गए चांदी के कुछ जेवर अभी भी हरबंश, उसकी पत्नी या बेटी के पास अथवा किसी अन्य स्थान पर छिपाकर रखे हो सकते हैं। पुलिस कार्रवाई होने पर उनकी बरामदगी हो सकती है। राजीव जैन ने यह भी आरोप लगाया कि हरबंश और उसका परिवार उल्टा उनके और उनके बेटे के खिलाफ कार्रवाई कराने के लिए प्रार्थना पत्र दे रहे हैं। हरबंश तीन-चार अधिवक्ताओं के साथ थाने पहुंचा था। बैठक होने के बाद भी उसने जेवर वापस नहीं किए। आरोप है कि वह कहता है कि जो करना है कर लो, तुम मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकते। इन जेवरों का स्टॉक मिला कम शिकायत में गायब बताए गए सामान का विवरण भी दिया गया है। इसमें करीब साढ़े सात किलो चांदी की पाजेब, 11 चांदी के ब्रेसलेट, 44 जोड़ी चांदी के बिछुए, एक चांदी की डिब्बी और अन्य चांदी के सामान शामिल हैं। कुल मिलाकर करीब 13 किलो चांदी का स्टॉक कम बताया गया है, जिसकी कीमत लगभग 30 लाख रुपए आंकी गई है। शोरूम मालिक ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर हरबंश कुमार जैन, उसकी पत्नी ममता और बेटी प्रिया के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने, चांदी के जेवर बरामद कराने और थाना सदर बाजार पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के निर्देश देने की मांग की थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)