वीर तेजाजी डोल मेले की स्टार नाइट में देर रात तक झूमे दर्शक
इटावा नगरपालिका इटावा की ओर से आयोजित सात दिवसीय श्री वीर तेजाजी डोल मेले के तहत तेजाजी ग्राउंड में रात्रिकालीन सांस्कृतिक संध्या में स्टार नाइट ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम आयोजित किया गया। ज्योति शर्मा इवेंट के कलाकारों ने फिल्मी, राजस्थानी, हरियाणवी, पंजाबी गीतों की रंगारंग प्रस्तुतियां देकर देर रात तक दर्शकों का मनोरंजन किया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान गणेश की वंदना से हुई। इसके बाद कलाकारों ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियों से माहौल भावपूर्ण बना दिया। ‘यह देश है वीर जवानों का’ और ‘संदेशे आते हैं’ जैसे गीतों पर दर्शकों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। इसके बाद फिल्मी, राजस्थानी, मारवाड़ी गीतों का सिलसिला शुरू हुआ। कलाकारों ने ‘लैला में लैला’, ‘सावन में लग गई आग’, ‘मुझे नौलखा मंगा दे रे ओ सजना दीवाने’ सहित कई लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुतियां दीं। कोटा की डांसर जूनियर सपना चौधरी ने हरियाणवी, पंजाबी गीतों पर शानदार प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं। गीत-संगीत की धुनों पर युवा, महिला, पुरुष दर्शक भी झूमते नजर आए। कई प्रस्तुतियों के दौरान दर्शक अपनी जगह पर खड़े होकर नाचने लगे। रंगारंग कार्यक्रम का सिलसिला रात करीब 3 बजे तक चला। मेले में बड़ी संख्या में दर्शकों की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा एवं व्यवस्था के लिए इटावा थाना अधिकारी अजीत सिंह चौधरी मय जाप्ता तैनात रहे। पुलिस ने कार्यक्रम के दौरान व्यवस्थाएं संभालीं। यातायात व्यवस्था बनाए रखने में भी सहयोग किया। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता मुकेश कुदालिया, समाजसेवी नरेंद्र नागर एवं नेमीचंद नागर अतिथि के रूप में मौजूद रहे। आयोजन समिति की ओर से अतिथियों का स्वागत किया गया। इस दौरान नगरपालिका उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय, अधिशासी अधिकारी राजूलाल मीणा, मेला प्रभारी राकेश मेघवाल, पार्षद उमाशंकर बैरवा, प्रदीप सोनी, गजानंद मीणा सहित नगरपालिका के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)