आगरा मंडल में पहले चरण में होंगी यूपी बोर्ड प्रैक्टिकल-परीक्षाएं:माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से जारी किया गया शेड्यूल, 11 जनवरी से प्रयोगात्मक परीक्षाएं
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं से पहले प्रयोगात्मक परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। प्रयोगात्मक परीक्षाएं दो चरणों में कराई जाएंगी। पहला चरण 11 से 19 जनवरी और दूसरा चरण 20 से 28 जनवरी 2027 तक चलेगा। आगरा मंडल में प्रयोगात्मक परीक्षाएं पहले चरण में आयोजित होंगी। पहले चरण में आगरा मंडल: परिषद के सचिव भगवती सिंह की ओर से 23 नवंबर को जारी निर्देश के अनुसार, पहले चरण में आगरा, सहारनपुर, बरेली, लखनऊ, झांसी, चित्रकूट, अयोध्या, आजमगढ़, देवीपाटन और बस्ती मंडल शामिल किए गए हैं। दूसरे चरण में अलीगढ़, मेरठ, मुरादाबाद, कानपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी और गोरखपुर मंडल की परीक्षाएं होंगी। सभी प्रयोगात्मक परीक्षाएं सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में कराई जाएंगी। प्रधानाचार्यों को परीक्षा की पूरी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखनी होगी, ताकि जरूरत पड़ने पर उसका अवलोकन किया जा सके। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के नियम अलग:
हाईस्कूल स्तर पर विज्ञान और गृह विज्ञान को छोड़कर अन्य विषयों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं विद्यालय स्तर पर आंतरिक मूल्यांकन के आधार पर होंगी। विज्ञान और गृह विज्ञान की प्रयोगात्मक परीक्षाएं बोर्ड के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही कराई जाएंगी। इंटरमीडिएट में नैतिक योग तथा खेल एवं शारीरिक शिक्षा का मूल्यांकन विद्यालय के प्रधानाचार्य के माध्यम से होगा। इन विषयों के अंक परिषद की वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड किए जाएंगे। इसके लिए वेबसाइट 1 जनवरी 2027 से सक्रिय हो जाएगी। प्री-बोर्ड और वार्षिक परीक्षाओं का भी कार्यक्रम: विद्यालय स्तर पर प्री-बोर्ड प्रयोगात्मक परीक्षाएं दिसंबर 2026 के अंतिम सप्ताह में कराई जाएंगी। कक्षा 10 और 12 की प्री-बोर्ड लिखित परीक्षाएं जनवरी के पहले सप्ताह में होंगी। वहीं कक्षा 9 और 11वीं की वार्षिक परीक्षाएं जनवरी के दूसरे और तीसरे सप्ताह में आयोजित की जाएंगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)