अलीगढ़ में मॉकड्रिल, सायरन बजते ही मची अफरा-तफरी:दुश्मन के हवाई हमले में आगजनी; 25 बच्चों का रेस्क्यू
शाम के ठीक छह बजे सायरन बजा और चंद सेकंड में नौरंगीलाल राजकीय इंटर कॉलेज का परिसर अंधेरे में डूब गया। अचानक ब्लैकआउट हुआ और दुश्मन देश के हवाई हमले का अलर्ट जारी हुआ। देखते ही देखते मैदान में बनाए गए दो कैंपों की बिल्डिंगों में बमबारी और आगजनी का दृश्य सामने था। आग की लपटों के बीच बच्चे फंस गए। तभी सायरन बजाते हुए फायर सर्विस की दमकलें पहुंचीं। जवानों ने आग पर काबू पाया और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। एंबुलेंस के जरिए बच्चों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। यह किसी वास्तविक हमले का मंजर नहीं, बल्कि हवाई हमले जैसी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए आयोजित ब्लैकआउट मॉक ड्रिल थी। तस्वीरों में देखिये मॉकड्रिल के नजारे 25 बच्चे फंसे, 17 को मौके पर उपचार मॉक ड्रिल में दो बिल्डिंगों में आग लगने और 25 बच्चों के फंसने की काल्पनिक स्थिति बनाई गई थी। सूचना मिलते ही राहत-बचाव टीमें सक्रिय हो गईं। फायर सर्विस ने पहले आग बुझाई, इसके बाद रेस्क्यू टीमों ने बच्चों को बाहर निकाला। इनमें 17 बच्चों को मौके पर बनाए गए मेडिकल कैंप में उपचार दिया गया, जबकि आठ गंभीर घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास किया गया। दमकल से लेकर एंबुलेंस तक अलर्ट रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान फायर सर्विस, पुलिस, सिविल डिफेंस, होमगार्ड, एनसीसी कैडेट्स और स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय रहीं। मेडिकल टीम ने मौके पर ही उपचार की व्यवस्था संभाली। करीब 15 से 20 मिनट तक चले इस अभ्यास में आग बुझाने, घायलों को निकालने, प्राथमिक उपचार देने और गंभीर घायलों को अस्पताल पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया अपनाई गई। शहर में ब्लैकआउट का अभ्यास नागरिक सुरक्षा विभाग की ओर से प्रदेशव्यापी आयोजन के तहत अलीगढ़ में भी ब्लैकआउट मॉक ड्रिल की गई। शाम छह बजे हूटर और सायरन बजाकर बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। पूरा परिसर अंधेरे में डूब गया। सभी संबंधित विभागों की टीमें पहले से मुस्तैद थीं। मॉक ड्रिल पूरी होने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। सिटी मजिस्ट्रेट अतुल कुमार गुप्ता ने बताया कि मॉक ड्रिल में दुश्मन देश के हवाई हमले, बमबारी, आगजनी और बिल्डिंग में बच्चों के फंसने की काल्पनिक स्थिति बनाई गई थी। कुल 25 बच्चों को रेस्क्यू किया गया, जिनमें 17 को मौके पर ही उपचार दिया गया, जबकि आठ को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। सभी विभागों ने बेहतर समन्वय के साथ राहत एवं बचाव अभियान पूरा किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)