‘अर्नब’ के असर से अयोध्या में लगातार बारिश हो रही:नजीवन प्रभावित, बिजली व्यवस्था पर भी असर,खड़ी फसलों को नुकसान

Sep 26, 2026 - 09:04
0
‘अर्नब’ के असर से अयोध्या में लगातार बारिश हो रही:नजीवन प्रभावित, बिजली व्यवस्था पर भी असर,खड़ी फसलों को नुकसान
बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात ‘अर्नब’ के असर से अयोध्या में शुक्रवार दोपहर से मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज हवाओं और बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई क्षेत्रों में पेड़ और उनकी शाखाएं गिरने से आवागमन के साथ बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई। किसानों की खेतों में खड़ी फसलों को भी तेज हवाओं से नुकसान पहुंचने की सूचना है। आचार्य नरेंद्र देव कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे तक मौसम की स्थिति लगभग ऐसी ही बनी रह सकती है। हालांकि शनिवार शाम से हवा की रफ्तार में कमी आने की संभावना जताई गई है। शुक्रवार से करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। 24 घंटे से कई इलाकों में बिजली संकट तेज हवा और बारिश का सबसे अधिक असर बिजली आपूर्ति पर देखने को मिला। रुदौली, सोहावल, अमानीगंज, मिल्कीपुर, गोसाईगंज, बीकापुर और तारुन समेत जनपद के कई ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। जगह-जगह पेड़ गिरने और विद्युत लाइनों के क्षतिग्रस्त होने के कारण कई इलाकों में करीब 24 घंटे से बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं हो सकी। बिजली विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में फाल्ट तलाशने और लाइनों को दुरुस्त करने में जुटी हैं। लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण राहत एवं बहाली कार्य में भी चुनौतियां सामने आ रही हैं। रामपथ से लेकर प्रमुख धार्मिक स्थलों तक असर अयोध्या की धार्मिक गतिविधियों पर भी खराब मौसम का असर दिखाई दिया। रामपथ, राम मंदिर क्षेत्र और आसपास के प्रमुख मार्गों पर बारिश और तेज हवाओं के कारण श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित हुई। हालांकि श्रद्धालुओं में रामलला के दर्शन को लेकर आस्था बनी रही। रामलला के दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को मौसम को देखते हुए सावधानी बरतनी पड़ी। वहीं हनुमानगढ़ी, कनक भवन, सरयू घाट और अन्य प्रमुख मंदिरों में भी बारिश के बीच श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे। मंदिरों में होने वाली नियमित धार्मिक गतिविधियां मौसम की परिस्थितियों के बीच सावधानी के साथ जारी रहीं। सरयू तट पर भी खराब मौसम के कारण विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत बनी हुई है। तेज हवा और बारिश को देखते हुए श्रद्धालुओं तथा पर्यटकों से जलस्रोतों और खुले स्थानों से दूरी बनाए रखने की अपील की जा रही है। किसानों की बढ़ी चिंता तेज हवाओं ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। कई स्थानों पर खेतों में खड़ी फसलें तेज हवा और बारिश के कारण जमीन पर गिर गईं। किसानों का कहना है कि यदि मौसम लंबे समय तक इसी तरह बना रहा तो फसलों को और नुकसान हो सकता है। प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने, बिजली के तारों और पेड़ों से दूर रहने तथा आकाशीय बिजली के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की है। फिलहाल अयोध्या में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है और शनिवार शाम के बाद मौसम में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User