BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला बोले, बीजेपी घबराई हुई:सपा-कांग्रेस गठबंधन तय, जल्द तय होगा सीटों का बंटवारा; क्रिकेट में धर्म नहीं लाना चाहिए
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने सपा-कांग्रेस गठबंधन को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन पूरी तरह तय है। दोनों दलों के बीच गठबंधन को लेकर किसी तरह की कोई समस्या नहीं है। सीटों के बंटवारे पर बातचीत चल रही है और जल्द ही इस पर फैसला हो जाएगा। उन्होंने दावा किया कि इस बार प्रदेश में सपा-कांग्रेस गठबंधन की ही सरकार बनेगी। प्रयागराज पहुंचे राजीव शुक्ला ने मीडिया से बातचीत में कहा कि बीजेपी गठबंधन को लेकर लगातार बयानबाजी कर रही है। बीजेपी नेताओं के यह कहने पर कि सपा-कांग्रेस गठबंधन का कोई असर नहीं पड़ेगा, उन्होंने पलटवार किया। शुक्ला ने कहा कि अगर गठबंधन का कोई असर नहीं पड़ने वाला है तो बीजेपी को इस पर बयान देने की जरूरत ही क्या है। इससे साफ है कि बीजेपी परेशान है और गठबंधन से घबराई हुई है। उसे अपने गठबंधन की चिंता करनी चाहिए, न कि सपा-कांग्रेस के गठबंधन की। सीटों के बंटवारे को लेकर पूछे गए सवाल पर राजीव शुक्ला ने कहा कि दोनों दलों के नेता आपस में बैठकर बातचीत कर रहे हैं। इस पर जल्द ही सहमति बना ली जाएगी। बीजेपी के दोबारा सरकार बनाने के दावों पर उन्होंने कहा कि इस बार चुनाव के नतीजे गठबंधन के पक्ष में होंगे। उन्होंने भरोसा जताया कि सपा-कांग्रेस गठबंधन 100 प्रतिशत सरकार बनाएगा। भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद सिराज के चयन को लेकर कांग्रेस नेता इमरान मसूद के बयान पर भी राजीव शुक्ला ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि क्रिकेट में धर्म की बात नहीं होनी चाहिए। खेल के मामले में इस तरह की बयानबाजी और बेवजह के आरोप लगाना गलत है। उन्होंने कहा कि टीम की प्लेइंग इलेवन में किस खिलाड़ी को शामिल करना है, इसका फैसला टीम मैनेजमेंट, कोच और कप्तान मिलकर करते हैं। इसमें पिच और विकेट की परिस्थितियों को ध्यान में रखा जाता है। इसलिए क्रिकेट जैसे खेल में धर्म को बीच में नहीं लाना चाहिए। खेल को खेल की भावना से ही देखा जाना चाहिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)