बेटे को हेलमेट पहनाकर ब्रह्मपाल ने बचा दी जान:शादी से लौट रहे ब्रह्मपाल की एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक मौत, शादी से लौट रहे थे
बेटे को हेलमेट पहनाया... खुद बिना हेलमेट बाइक चला रहे थे। शायद पिता को अंदाजा भी नहीं था कि बेटे की सुरक्षा के लिए उठाया गया उनका यह कदम उसकी जिंदगी बचा लेगा लेकिन खुद उनकी जिंदगी कुछ ही मिनट बाद खत्म हो जाएगी। शादी की खुशियां समेटकर घर लौट रहे मेरठ निवासी ब्रह्मपाल सिंह (45) गंगा एक्सप्रेसवे पर हादसे का शिकार हो गए। नो पार्किंग में खड़ी कार का अचानक खुला दरवाजा उनकी बाइक से टकराया। सिर में गंभीर चोट लगने से ब्रह्मपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे नौवीं के छात्र बेटे निश्चल को हेलमेट की वजह से ज्यादा चोट नहीं आई। कुछ घंटे पहले तक शादी की खुशियों में डूबा परिवार हादसे की खबर मिलते ही मातम में डूब गया। शादी से लौट रहे थे पिता-पुत्र
प्रवेश विहार निवासी ब्रह्मपाल सिंह दो दिन पहले पत्नी रजनी, बेटी वैष्णवी और बेटे निश्चल के साथ संभल में अपने साले प्रदीप उर्फ मुकेश निवासी इस्लामनगर जडेरा की शादी में शामिल होने गए थे। शुक्रवार को उन्हें ड्यूटी ज्वाइन करनी थी। सुबह करीब 8:30 बजे पत्नी और बेटी को साले के घर छोड़कर ब्रह्मपाल नौवीं में पढ़ने वाले बेटे निश्चल के साथ बुलेट बाइक से मेरठ के लिए निकल पड़े। नो पार्किंग में खड़ी कार से टकराई बाइक
सिंभावली क्षेत्र में हिम्मतपुर गांव के सामने गंगा एक्सप्रेसवे पर नो पार्किंग में एक कार खड़ी थी। बताया गया कि कार के अंदर बैठे व्यक्ति ने अचानक दरवाजा खोल दिया। इसी दौरान बाइक लेकर गुजर रहे ब्रह्मपाल दरवाजे से टकरा गए। टक्कर के बाद बाइक सड़क पर फिसल गई। ब्रह्मपाल के सिर में गंभीर चोट लगी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। निश्चल घायल हो गया। पिता की मौत, बेटे के सिर पर हेलमेट
हाईवे पर चलना था इसलिए हादसे से कुछ देर पहले ब्रह्मपाल ने अपना हेलमेट उतारकर बेटे निश्चल को पहना दिया था। बाइक दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद निश्चल सड़क पर गिरा लेकिन हेलमेट ने उसे गंभीर चोट से बचा लिया। हादसे के बाद पहुंची सिंभावली पुलिस ने निश्चल की मदद से परिवार को सूचना दी। खबर सुनते ही संभल में शादी वाले घर में चीख-पुकार मच गई। पति की मौत से बदहवास हुई रजनी
जिस घर में कुछ घंटे पहले तक शादी की खुशियां थीं, वहां अचानक मातम छा गया। रिश्तेदार रजनी और वैष्णवी को लेकर मेरठ पहुंचे। पति की मौत की खबर सुनते ही रजनी बदहवास हो गईं। वह बार-बार बेहोश होने लगीं। परिवार के लोग उन्हें संभालते रहे, लेकिन उनका रो-रोकर बुरा हाल था। घर पहुंचा शव, बच्चों को देखकर रो पड़े लोग
पुलिस ने ब्रह्मपाल के शव को मोर्चरी भिजवा दिया। घायल निश्चल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि कुछ देर बाद उसे छुट्टी दे दी गई। शाम को पोस्टमार्टम के बाद शव प्रवेश विहार स्थित घर पहुंचा तो माहौल गमगीन हो गया। रिश्तेदारों और मोहल्ले के लोगों की भीड़ जुट गई।
हर किसी की नजर वैष्णवी और निश्चल पर थी। दोनों बच्चों के सामने पूरी जिंदगी पड़ी है, लेकिन पिता का साया उठ गया। ब्रह्मपाल ही परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अचानक हुए हादसे ने पत्नी और दोनों बच्चों की जिंदगी में ऐसा खालीपन छोड़ दिया, जिसकी भरपाई अब कभी नहीं हो सकेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)