रोडवेज की महिला अधिकारी के घर दिनदहाड़े चोरी:अलीगढ़ में ताले तोड़कर लाखों के जेवर ले गए चोर
अलीगढ़ में बन्नादेवी क्षेत्र के गुरु रामदास नगर में चोरों ने रोडवेज की महिला अधिकारी के सूने मकान को निशाना बना लिया। चोर मुख्य गेट और कमरों के ताले तोड़कर अलमारी में रखे लाखों रुपये के जेवर चोरी कर ले गए। घटना के समय मकान मालकिन एटा में ड्यूटी कर रही थीं। रोडवेज में वरिष्ठ केंद्र प्रभारी संगीता देवी का करीब एक महीने पहले अलीगढ़ से एटा तबादला हुआ था। गुरुवार को ड्यूटी पूरी करने के बाद शुक्रवार सुबह 6 बजे फिर ड्यूटी होने के चलते वह एटा में ही रुक गईं। इसी दौरान चोरों ने उनके घर में चोरी कर ली। शुक्रवार शाम जब संगीता देवी अपने घर पहुंचीं तो मुख्य गेट और कमरों के ताले टूटे मिले। अंदर अलमारी खुली थी और सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखे कीमती जेवर गायब हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस संगीता देवी घर में अकेली रहती हैं। उनका बेटा दिल्ली में नौकरी करता है। चोरी की सूचना पर बन्नादेवी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी जा रही है। सीओ द्वितीय धनंजय सिंह ने बताया कि चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। चोरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)