ढाई दशक के सफलतम कप्तानों में शुमार होंगे अंतिल:2 साल 5 महीने 2 दिन की रिकॉर्ड पारी, 3 कुख्यात गैंगस्टर का खात्मा;मृदु व्यवहार..एक्शन सख्त
25 जून 2024 को मुरादाबाद के पुलिस कप्तान की कुर्सी संभालने वाले 2015 बैच के तेजतर्रार आईपीएस सतपाल अंतिल का शुक्रवार को तबादला हो गया। मुरादाबाद में 2 साल 5 महीने और 2 दिन की उपलब्धियों भरी बेदाग और शानदार पारी के बाद अब वे यूपी की पॉलिटिक्स में केंद्र बने अयोध्या जिले की बागडोर संभालने जा रहे हैं। मुरादाबाद में अपने करीब ढाई साल के कार्यकाल में वेस्ट यूपी के तीन कुख्यात बदमाशों आसिफ उर्फ टिड्ढा, दीनू उर्फ इलियास और उधम सिंह गैंग शार्प शूटर आशु उर्फ मोंटी को एनकाउंटर में मार गिराने वाले सतपाल अंतिल की गिनती क्राइम के फ्रंट पर पिछले दो दशकों में सफलतम पुलिस कप्तानों में होगी। पिछले ढाई दशक में बतौर मुरादाबाद SSP इतनी लंबी पारी खेलने वाले वे पहले पुलिस कप्तान बन गए हैं। उन्होंने मुरादाबाद में एसएसपी रहे डॉ. जीके गोस्वामी का रिकॉर्ड तोड़ा है। सतपाल अंतिल पब्लिक खासकर फरियादियों के प्रति अपने मृदु व्यवहार के लिए भी याद किए जाएंगे। ऐसे कई मौके आए जब उन्होंने गरीब बेटियों के ब्याह शादी जैसे मामलों में फरियादियों की अपनी पॉकेट से मदद की। गरीब युवती की शादी के लिए गहने बनवाने से लेकर उनकी दरियादिली के कई किस्से मशहूर हैं।
सतपाल अंतिल ने कानून व्यवस्था को दुरुस्त रखा और यातायात सुधार के लिए भी कई अभियान जिला स्तर पर संचालित किए। जिले के सभी पुलिस थानों और पुलिस ऑफिस में महिला फरियादियों के लिए बेबी फीडिंग रूम का निर्माण उनकी संवेदनशीलता को दर्शाता है। एनकाउंटर, जिसमें बाल-बाल बचे थे अंतिल
10 नवंबर 2025 को एसएसपी सतपाल अंतिल और मेरठ एसटीएफ की संयुक्त टीम ने मुरादाबाद के एक कारोबारी से एक करोड़ की रंगदारी मांगने वाले मेरठ के कुख्यात गैंगस्टर दीनू उर्फ इलियास और आसिफ उर्फ टिड्डा को एक एनकाउंटर में ढेर कर दिया था। इस एनकाउंटर में एसएसपी सतपाल अंतिल की बुलेट प्रुफ जैकेट में बदमाशों की ओर से चलाई गई गोली जा धंसी थी। अंतिल की ओर से किए गए जवाबी फायर में दोनों बदमाश मौके पर ही ढेर हो गए थे।
5 करोड़ की रंगदारी मांगने वाला आशु उर्फ मोंटी भी ढेर हुआ
एसएसपी सतपातल अंतिल की कमांड में चले ऑपरेशन में एक अप्रैल 2026 को उधम सिंह गैंग के शार्प शूटर आशु उर्फ मोंटी को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया था। मुरादाबाद के एक निर्यातक से मोंटी ने 5 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी थी और घटना के वक्त रकम लेने के लिए मुरादाबाद पहुंचा था।
भ्रष्ट और लापरवाह पुलिसकर्मियों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई सतपाल अंतिल ने विभाग में अनुशासन बनाए रखने के लिए "जीरो टॉलरेंस" नीति अपनाई। इस दौरान भ्रष्ट और लापरवाह पुलिस कर्मियों पर उन्होंने कड़ी कार्रवाई की। जबकि बेहतर काम करने वालों को प्रोत्साहन भी दिया।
संकरी गलियों में लगी आग के दौरान ऑन-ग्राउंड रेस्क्यू अगस्त 2026 में मुरादाबाद के एक बेहद संकरे इलाके की गलियों में भीषण आग लगी थी, जहां फायर ब्रिगेड की गाड़ियों का पहुँचना मुश्किल था. उस दौरान सतपाल अंतिल खुद पूरी रात जमीन पर मुस्तैद रहे और अपनी टीम के साथ मिलकर लोगों का रेस्क्यू कराया। इस दौरान वे आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ी के लिए पाइप लेकर दौड़ते भी नजर आए। आधुनिक पुलिसिंग को बढ़ावा मुरादाबाद पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया (रिस्पॉन्स टाइम) सुधारने के लिए उन्होंने मई 2026 में 12 नई अत्याधुनिक पीआरवी (PRV) गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर बेड़े में शामिल किया था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)