दिल्ली से ड्रग्स लाकर बेचने वाले 2 तस्कर गिरफ्तार:गाजियाबाद पुलिस ने 10.30 किलो ड्रग्स पकड़ी
गाजियाबाद में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मसूरी थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत चेकिंग के दौरान ड्रग्स की तस्करी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 9 किलो 130 ग्राम मादक पदार्थ बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी दिल्ली से सस्ते दामों पर ड्रग्स खरीदकर गाजियाबाद और आसपास के इलाकों में महंगे दामों पर बेचते थे। पुलिस के अनुसार, 27 नवंबर को मसूरी थाना पुलिस की टीम ऑपरेशन प्रहार के तहत क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने नाहल झाल की ओर से कल्लूगढ़ी-नाहल जेल लिंक रोड पर दो संदिग्ध व्यक्तियों को देखा। पुलिस ने दोनों को रोककर तलाशी ली तो उनके पास से 9 किलो 130 ग्राम अवैध मादक पदार्थ बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरेंद्र (35) निवासी गांव निडौरी और सुबोध (45) निवासी मोहिद्दीनपुर ढबारसी, थाना मसूरी के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे दिल्ली से चोरी-छिपे सस्ते दामों पर ड्रग्स खरीदकर लाते थे। इसके बाद मादक पदार्थ की छोटी-छोटी पुड़िया तैयार कर आसपास के क्षेत्रों में महंगे दामों पर बेचते थे। इससे मिलने वाले पैसों से वे अपने शौक पूरे करते थे। आरोपियों ने बताया कि वे ड्रग्स बेचने के लिए कल्लूगढ़ी के पास पहुंचे थे, लेकिन इसी दौरान पुलिस की चेकिंग में पकड़े गए। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ मसूरी थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)