बलरामपुर में आंधी-बारिश से बिजली व्यवस्था चरमराई:500 पोल और 45 से ज्यादा ट्रांसफॉर्मर खराब हुए, दुरुस्त करने में जुटे कर्मचारी
बलरामपुर।जिले में लगातार बारिश और तेज आंधी से प्रभावित विद्युत व्यवस्था को सामान्य करने के लिए विद्युत विभाग ने युद्धस्तर पर अभियान तेज कर दिया है।क्षतिग्रस्त बिजली लाइनों,गिरे हुए पोल और ट्रांसफॉर्मरों को दुरुस्त करने के साथ ही कई स्थानों पर पेड़ों की कटान कर विद्युत लाइनों को सुचारु करने की कवायद तेजी से जारी है। लगातार 72 घंटे की अतिवृष्टि और तेज हवाओं के कारण जिले में विद्युत व्यवस्था को व्यापक नुकसान पहुंचा था।प्रारंभिक आकलन में 500 से अधिक विद्युत पोल और 45 से ज्यादा ट्रांसफॉर्मर क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई थी। कई स्थानों पर पेड़ गिरने से बिजली की लाइनें प्रभावित हुईं,जबकि कुछ क्षेत्रों में 33/11 केवी लाइनें भी क्षतिग्रस्त हुईं। मौसम में सुधार के साथ ही विद्युत विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर मरम्मत कार्य में जुट गई हैं।कई इलाकों में विद्युत आपूर्ति बहाली जल्द से जल्द की जाने की प्रक्रिया जारी है।जबकि अन्य क्षेत्रों में आपूर्ति बहाल करने के लिए टूटे पोल और तारों को दुरुस्त करने के साथ रास्ते में गिरे पेड़ों को हटाने का काम तेजी से चल रहा है। जिला प्रशासन और विद्युत विभाग की टीमें उपलब्ध संसाधनों के साथ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार काम कर रही हैं।विभागीय स्टोर से आवश्यक पोल,तार,ट्रांसफॉर्मर और अन्य सामग्री उपलब्ध कराकर मरम्मत कार्य को गति दी जा रही है।जिन स्थानों पर पेड़ों के गिरने से बिजली की लाइनें बाधित हुई हैं,वहां पहले पेड़ों की कटान और रास्ता साफ करने के बाद विद्युत लाइनों को दुरुस्त किया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि विद्युत आपूर्ति बहाली का काम प्राथमिकता के आधार पर चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है।जहां परिस्थितियां सुरक्षित हैं,वहां टीमें तेजी से काम कर रही हैं।वहीं जलभराव अथवा क्षतिग्रस्त लाइनों वाले स्थानों पर सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए ही विद्युत आपूर्ति शुरू की जा रही है। डीएम डॉ. विपिन कुमार जैन के निर्देशन में विभागीय अधिकारी और कर्मचारी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। मौसम अनुकूल होने के बाद मरम्मत अभियान में और तेजी लाकर शेष प्रभावित क्षेत्रों में भी विद्युत आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)