गैंगरेप के दोषी को 20 साल की सजा:मऊ में कोर्ट ने 41 हजार जुर्माना लगाया, छह साल पुराने मामले में फैसला

Nov 26, 2026 - 20:24
0
गैंगरेप के दोषी को 20 साल की सजा:मऊ में कोर्ट ने 41 हजार जुर्माना लगाया, छह साल पुराने मामले में फैसला
मऊ जिले के रानीपुर थाना क्षेत्र में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के छह साल पुराने मामले में गुरुवार को अदालत ने दोषी को 20 साल की सजा सुनाई। अपर सत्र न्यायाधीश पॉक्सो कोर्ट नंबर एक के जज छांगुर राम की अदालत ने दुर्गा चौहान पर 41 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया। जुर्माना जमा नहीं करने पर दुर्गा चौहान को दो महीने की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी। जुर्माने की रकम जमा होने पर 75 प्रतिशत राशि पीड़िता को मुआवजे के तौर पर देने का आदेश दिया गया है। मामला रानीपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का है। पीड़िता के पिता की शिकायत पर रानीपुर थाने में केस दर्ज किया गया था। एफआईआर के मुताबिक, 2 जून 2020 की रात करीब दो बजे दुर्गा चौहान नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने कमरे में ले गया था। वहां उसने सह-आरोपी किशोर के साथ मिलकर सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने जांच के बाद रानीपुर थाना क्षेत्र के पिरुवा निवासी दुर्गा चौहान और गाजीपुर जिले के दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के मीरा रेहटी निवासी किशोर के खिलाफ अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया। सह-आरोपी किशोर का मामला किशोर न्याय बोर्ड में चल रहा है। अभियोजन पक्ष की ओर से पॉक्सो एक्ट के एडीजीसी प्रवीण कुमार मिश्रा ने पैरवी की। अभियोजन ने सात गवाह पेश किए। बचाव पक्ष ने दलील दी कि आरोपी को झूठा फंसाया गया है। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और अदालत में पेश सबूत देखने के बाद दुर्गा चौहान को दोषी ठहराया गया। अदालत ने उसे 20 साल की सजा और 41 हजार रुपए जुर्माने का फैसला सुनाया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User