गोरखपुर के सनी का एशियन किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप में चयन:कंबोडिया में भारत का करेंगे प्रतिनिधित्व; रवि किशन ने बधाई दी

Nov 22, 2026 - 13:30
0
गोरखपुर के सनी का एशियन किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप में चयन:कंबोडिया में भारत का करेंगे प्रतिनिधित्व; रवि किशन ने बधाई दी
अंतरराष्ट्रीय किकबॉक्सर और दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय (डीडीयू) के छात्र सनी सिंह का चयन एशियन किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ है। इस अवसर पर गोरखपुर सांसद रवि किशन ने सनी को बधाई दी है। वे दिसंबर में कंबोडिया में होने वाली इस प्रतियोगिता में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। इसके साथ ही उनका चयन सीनियर नेशनल किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए भी हुआ है। लगातार चार साल राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत चुके सनी अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश के लिए पदक जीतने की तैयारी में जुटे हैं। सनी सिंह सबसे पहले 28 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 तक कर्नाटक के मैसूर मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट में आयोजित सीनियर नेशनल किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगे। इसके बाद 12 से 22 दिसंबर तक कंबोडिया में होने वाली एशियन किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप में उतरेंगे। इस प्रतियोगिता का आयोजन एशियन ओलंपिक कमेटी (ओसीए) के तत्वावधान में किया जा रहा है। दोनों प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक जीतना उनका लक्ष्य है। चार साल से लगातार जीत रहे नेशनल मेडल किकबॉक्सिंग में सनी सिंह का प्रदर्शन लगातार बेहतर रहा है। उन्होंने 2023 से 2026 तक लगातार चार बार राष्ट्रीय स्तर पर पदक हासिल किया है। इसके अलावा 2025-26 के दौरान दो बार अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी पदक जीत चुके हैं। वर्ष 2024 में उज्बेकिस्तान में आयोजित वर्ल्ड कप में उन्होंने शीर्ष 10 खिलाड़ियों में पांचवां स्थान हासिल किया था। वहीं, 2025 में यूएई में आयोजित वर्ल्ड चैंपियनशिप में शीर्ष 20 खिलाड़ियों के बीच नौवां स्थान प्राप्त किया। इन उपलब्धियों के दम पर उन्होंने कॉम्बैट मार्शल आर्ट्स में पूर्वांचल को अलग पहचान दिलाई है। 6 हजार बेटियों को सिखा चुके हैं आत्मरक्षा के गुर सनी सिंह खेल के मैदान के साथ सामाजिक सरोकारों में भी सक्रिय हैं। उन्होंने गोरखपुर के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और मलिन बस्तियों में अब तक 6 हजार से अधिक बालिकाओं को निःशुल्क सेल्फ डिफेंस का प्रशिक्षण दिया है। उनका उद्देश्य बेटियों को आत्मरक्षा के लिए सक्षम बनाने के साथ उनमें आत्मविश्वास पैदा करना है। पर्यावरण संरक्षण के लिए भी सनी लगातार काम कर रहे हैं। अब तक 150 से अधिक पौधे लगा चुके हैं। इसके अलावा शहर में इको-वेस्ट मैनेजमेंट कार्यक्रम को बढ़ावा देने में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। खेल के जरिए देश का नाम रोशन करने के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों में उनकी भागीदारी भी चर्चा में है। कुलपति और सांसद ने बताया युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत डीडीयू गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. केपी सिंह ने सनी की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि वे विश्वविद्यालय के गौरव हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तिरंगा लहराने के साथ समाज के प्रति उनका समर्पण दूसरे छात्रों के लिए अनुकरणीय है। विश्वविद्यालय परिवार उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता है। गोरखपुर सांसद रवि किशन ने सनी को जेन-जी पीढ़ी का रोल मॉडल बताया। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं के लिए सनी उदाहरण हैं। उन्होंने अपनी ऊर्जा खेल, राष्ट्र निर्माण और बेटियों को सशक्त बनाने में लगाई है। उम्मीद है कि कंबोडिया में भी वे देश का परचम लहराएंगे। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी राजेश कुमार सोनकर ने कहा कि सनी की निरंतरता और कड़ी मेहनत उनकी सबसे बड़ी ताकत है। राष्ट्रीय और एशियन चैंपियनशिप के लिए उनका चयन पूरे क्षेत्र के खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाएगा। विश्वविद्यालय के शिक्षकों और खेल जगत ने दी बधाई सनी की इस उपलब्धि पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण (डीएसडब्ल्यू) प्रो. दिव्या रानी सिंह, विश्वविद्यालय क्रीड़ा विभागाध्यक्ष डॉ. आमोद कुमार राय, समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. शुभी धुसिया, डॉ. राजवीर, प्रो. अनुराग, डॉ. दीपेंद्र मोहन, डॉ. मनीष पांडेय, डॉ. विनय गुप्ता, प्रो. अंजू, प्रो. संगीता पांडेय और डॉ. पवन ने हर्ष जताया। इसके अलावा अतुल सराफ, सीपी अग्रवाल, अमित बथवाल, बैंक ऑफ बड़ौदा के क्षेत्रीय कार्यालय गोरखपुर और पीएनबी गिल्ट्स दिल्ली के अधिकारियों ने भी सनी को बधाई दी। बॉक्सिंग कोच सुजीत गौतम और ताइक्वांडो कोच गुलशेर सिंह गिल ने दोनों प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतने की शुभकामनाएं दीं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User