हरदोई में भारी बारिश के बाद धंसने लगा मकान:बेसमेंट में पानी भरने से टूटे कॉलम, प्रशासन ने सुरक्षा के बीच क्षतिग्रस्त हिस्सा गिराया
हरदोई के अनंग बेहटा गांव में रविवार देर रात भारी बारिश के बाद एक मकान के धंसने से हड़कंप मच गया। बेसमेंट में पानी भरने और सपोर्ट सिस्टम प्रभावित होने से मकान के कॉलम टूट गए। भवन की हालत खतरनाक होने पर मकान मालिक ने प्रशासन से सुरक्षित तरीके से इसे गिराने में मदद मांगी। इसके बाद अधिकारियों ने आसपास बैरिकेडिंग कराकर पुलिस, फायर और मेडिकल टीम की मौजूदगी में मकान के क्षतिग्रस्त हिस्से को गिरवा दिया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना रविवार रात करीब 10:30 बजे की है। मकान मालिक अजीत कुमार के मुताबिक, उनके मकान से सटे हिस्से में मोहम्मद आरिफ की पेपर कप फैक्ट्री संचालित होती है। फैक्ट्री में करीब पांच मशीनें लगी थीं। अजीत का कहना है कि प्रत्येक मशीन का वजन करीब ढाई टन था। मकान मालिक के अनुसार, मशीनों को हाइड्रा की मदद से हटाने के दौरान बेसमेंट के कॉलम क्षतिग्रस्त हो गए। इसके बाद मकान धीरे-धीरे नीचे बैठने लगा। लगातार बारिश होने से बेसमेंट में पानी भर गया, जिससे भवन का सपोर्ट सिस्टम और कमजोर हो गया। बेसमेंट में पानी भरने से बढ़ा मकान गिरने का खतरा कॉलम क्षतिग्रस्त होने और बेसमेंट में पानी भरने के बाद मकान की स्थिति और खराब हो गई। भवन के गिरने की आशंका को देखते हुए मकान मालिक ने प्रशासन से सुरक्षित तरीके से क्षतिग्रस्त हिस्से को गिराने में सहयोग मांगा। भवन की हालत को देखते हुए प्रशासन ने भी आसपास के लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी। मौके पर लोगों की आवाजाही रोकने के लिए बैरिकेडिंग कराई गई।
पुलिस, फायर और मेडिकल टीम मौके पर तैनात सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। किसी तरह की जनहानि की आशंका को देखते हुए पुलिस बल, फायर टीम और मेडिकल टीम को भी मौके पर तैनात किया गया। अधिकारियों की निगरानी में आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित कराया गया। इसके बाद क्षतिग्रस्त हिस्से को गिराने की कार्रवाई शुरू की गई, ताकि अचानक भवन गिरने से कोई हादसा न हो। प्रशासन की निगरानी में गिराया गया क्षतिग्रस्त हिस्सा अपर जिलाधिकारी प्रफुल्ल त्रिपाठी ने बताया कि अनंग बेहटा में अजीत कुमार का मकान धीरे-धीरे बैठने की सूचना मिली थी। बेसमेंट में पानी भरने के कारण नीचे का सपोर्ट सिस्टम प्रभावित होकर टूट गया था। मकान मालिक ने भवन को सुरक्षित तरीके से गिराने के लिए प्रशासन से सहयोग मांगा था। एडीएम ने बताया कि सुरक्षा के सभी इंतजाम करने के बाद प्रशासन की निगरानी में मकान के क्षतिग्रस्त हिस्से को गिराया गया। हाल में हुई भारी बारिश के कारण बेसमेंट में पानी भरना सपोर्ट सिस्टम प्रभावित होने की प्रमुख वजह बनी। कार्रवाई के दौरान आसपास के लोगों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)