जालौन में चुनावी नेतृत्व पर भाजपा नेताओं के अलग सुर:केशव बोले- CM का चेहरा कमल, स्वतंत्र देव ने योगी का नाम लिया

Nov 25, 2026 - 20:55
0
जालौन में चुनावी नेतृत्व पर भाजपा नेताओं के अलग सुर:केशव बोले- CM का चेहरा कमल, स्वतंत्र देव ने योगी का नाम लिया
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। भाजपा किस चेहरे को आगे रखकर चुनाव मैदान में उतरेगी, इस सवाल पर पार्टी के नेताओं के अलग-अलग बयान सामने आए हैं। जालौन में महज एक दिन के अंतराल पर प्रदेश सरकार के दो बड़े नेताओं ने इस मुद्दे पर अपनी बात रखी। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने मुख्यमंत्री के चेहरे के सवाल पर कमल के फूल का नाम लिया, जबकि जल शक्ति मंत्री और पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि 2027 का चुनाव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा। केशव मौर्य बोले- कमल का फूल होगा मुख्यमंत्री का चेहरा मंगलवार को जालौन के उरई पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य से पत्रकारों ने 2027 के विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर सवाल किया था। इस पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का चेहरा कमल का फूल होगा। उनके इस बयान को भाजपा की चुनावी रणनीति में पार्टी और संगठन को सर्वोपरि रखने के संदेश के तौर पर देखा गया। हालांकि, इसके बाद मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर नई बहस शुरू हो गई। स्वतंत्र देव सिंह ने योगी के नेतृत्व में चुनाव लड़ने की बात कही वहीं, बुधवार को जालौन के माधौगढ़ विधानसभा क्षेत्र के मिहौना पहुंचे जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने इस मुद्दे पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, "हर मंच से यह बात स्पष्ट रूप से कही जा रही है कि 2027 का आगामी चुनाव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा। हमारे पास एक ईमानदार, परिश्रमी और परिश्रम की पराकाष्ठा करने वाला नेतृत्व है।" स्वतंत्र देव सिंह ने योगी सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए कानून व्यवस्था, रोजगार, जनकल्याणकारी योजनाओं और बुंदेलखंड के विकास को मुख्यमंत्री के नेतृत्व से जोड़कर पेश किया। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में कानून का राज स्थापित है। सपा शासनकाल से की मौजूदा कानून व्यवस्था की तुलना स्वतंत्र देव सिंह ने सपा शासनकाल और मौजूदा सरकार की कानून व्यवस्था की तुलना भी की। उन्होंने कहा कि सपा शासनकाल में लोग शाम पांच बजे के बाद घरों से बाहर निकलने में डरते थे, जबकि वर्तमान सरकार में रात 12 बजे भी लोग बेखौफ बाहर निकल सकते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को पारदर्शी व्यवस्था के तहत नौकरियां दी गई हैं। राशन सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंच रहा है। दो बयान, दो राजनीतिक संदेश राजनीतिक दृष्टि से दोनों नेताओं के बयानों को अलग-अलग संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। केशव मौर्य का कमल के फूल को मुख्यमंत्री का चेहरा बताना पार्टी और संगठन की सामूहिक पहचान को आगे रखने वाला बयान माना जा सकता है। वहीं, स्वतंत्र देव सिंह का योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चुनाव लड़ने की बात कहना मौजूदा मुख्यमंत्री के नेतृत्व पर भरोसा जताने के रूप में देखा जा रहा है। भाजपा की राजनीति में संगठन और नेतृत्व दोनों की अहमियत रही है। पार्टी चुनावों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय नेतृत्व, संगठन और प्रदेश नेतृत्व को सामूहिक रूप से आगे रखती रही है। ऐसे में केशव मौर्य का बयान पार्टी की चुनावी परंपरा के अनुरूप हो सकता है, जबकि स्वतंत्र देव सिंह का बयान प्रदेश सरकार के नेतृत्व और योगी सरकार के कामकाज को चुनावी आधार बनाने का संकेत देता है। जालौन बना बड़े सियासी सवाल का केंद्र खास बात यह है कि दोनों नेता प्रदेश सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे हैं और उनके बयान एक ही जिले में सामने आए हैं। ऐसे में जालौन से आए इन बयानों ने प्रदेश की राजनीति में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर चल रही चर्चा को फिर तेज कर दिया है। सवाल यह है कि 2027 के चुनाव में भाजपा कमल के फूल और सामूहिक नेतृत्व को आगे रखेगी या योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व को चुनावी अभियान का केंद्र बनाया जाएगा। फिलहाल पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की ओर से 2027 के मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर कोई अंतिम आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। ऐसे में दोनों नेताओं के बयानों को राजनीतिक संकेत के रूप में देखा जा रहा है। चुनाव से काफी पहले सामने आए इन अलग-अलग बयानों ने विपक्ष को भी सवाल उठाने का मौका दिया है। अब आने वाले दिनों में भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं का रुख और पार्टी का आधिकारिक चुनावी संदेश महत्वपूर्ण होगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User