जमीन विवाद में पोते-बहू ने बुजुर्ग को पीटा:रायबरेली में इलाज के दौरान मौत, दोनों आरोपी गिरफ्तार, डंडा बरामद
रायबरेली के नसीराबाद थाना क्षेत्र में जमीन के हिस्से को लेकर हुए पारिवारिक विवाद में बुजुर्ग की मौत हो गई। अशरफपुर गांव में पोते ने अपनी मां के साथ मिलकर बाबा पर ईंट और लाठी-डंडों से हमला कर दिया था। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हरीलाल की 26 सितंबर को इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में आरोपी पोते और उसकी मां को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार घटना 6 सितंबर की है। अशरफपुर गांव निवासी जितेंद्र कुमार अपने बाबा हरीलाल से जमीन में हिस्सा मांग रहा था। उसका आरोप था कि बाबा उसे उसका हिस्सा नहीं दे रहे थे। इसी बात को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था। पुलिस पूछताछ में जितेंद्र ने बताया कि इसी रंजिश और गुस्से में उसने अपनी मां कुसमा के साथ मिलकर बाबा के साथ मारपीट की थी। हमले में हरीलाल को गंभीर चोटें आई थीं। 20 दिन बाद इलाज के दौरान बुजुर्ग ने दम तोड़ा हमले के बाद हरीलाल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। करीब 20 दिन तक उपचार चलने के बाद 26 सितंबर को उनकी मौत हो गई। घटना के संबंध में मृतक की पत्नी रजाऊ की तहरीर पर नसीराबाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। मामला गैरइरादतन हत्या से जुड़ा होने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। एसपी रवि कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई। मुखबिर की सूचना पर मां-बेटा गिरफ्तार पुलिस ने 27 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर बरखुरदारपुर-बहेड़ा मार्ग से जितेंद्र कुमार और उसकी मां कुसमा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक दोनों घटना के बाद से वांछित चल रहे थे। आरोपी जितेंद्र कुमार स्वर्गीय शिवबालक का पुत्र है, जबकि कुसमा उसकी पत्नी है। पुलिस ने जितेंद्र की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया बांस का एक डंडा भी बरामद किया है। दोनों आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में भेजे गए नसीराबाद पुलिस ने गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। पुलिस मामले में अन्य जरूरी साक्ष्य जुटा रही है और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक योगेंद्र कुमार, मुख्य आरक्षी जितेंद्र कुमार, आरक्षी अरविंद कुमार, महिला आरक्षी प्रीती यादव, महिला आरक्षी खुशबू पाल और चालक बड़े बाबू शामिल रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)