लखनऊ में अलग-अलग हादसों में किसान व महिला की मौत:गोसाईगंज में अज्ञात वाहन ने बाइक में मारी टक्कर, महानगर में बाइक की टक्कर से 10 फीट उछलकर गिरी महिला
लखनऊ में रविवार रात गोसाईगंज और महानगर इलाके में अलग-अलग सड़क हादसों में किसान व एक महिला की मौत हो गई। गोसाईगंज में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार किसान की जान चली गई, जबकि महानगर में बाइक की टक्कर से महिला की मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। शादी समारोह से लौटते समय हादसा, किसान की मौत गोसाईगंज के अंसारी मोहल्ला निवासी विनय कुमार भारती (33) किसान थे। उनकी बहन जूही ने बताया कि रविवार को विनय बिना हेलमेट बाइक से भतीजे की शादी में शामिल होने गंगागंज कस्बा गए थे। देर रात घर लौटते समय रहमत नगर के पास उनकी बाइक में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया और मोबाइल से परिजनों को सूचना दी। इलाज के दौरान विनय की मौत हो गई। परिवार में पत्नी पूजा और दो बच्चे हैं। इंस्पेक्टर डीके सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर मिलने पर आरोपी वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। बाइक की टक्कर से 10 फीट उछलकर गिरी महिला उधर, महानगर के रहीम नगर निवासी मीना मौर्य (53) रविवार रात सब्जी खरीदने पैदल घर से निकली थीं। पति रामनरेश ने बताया कि वह पुराने आरटीओ कार्यालय के पास पहुंची थीं, तभी तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मीना करीब 10 फीट हवा में उछलकर सड़क किनारे जा गिरीं। पुलिस उन्हें सिविल अस्पताल ले गई। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मीना पति और दो बेटों के साथ रहती थीं। इंस्पेक्टर अखिलेश मिश्र ने बताया कि हादसे की जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। परिजनों ने अभी तक तहरीर नहीं दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)