मिर्जापुर में एसपी अपर्णा ने पुलिस ध्वज फहराया:यूपी पुलिस को 1952 में मिला था देश का पहला पुलिस ध्वज

Nov 23, 2026 - 20:07
0
मिर्जापुर में एसपी अपर्णा ने पुलिस ध्वज फहराया:यूपी पुलिस को 1952 में मिला था देश का पहला पुलिस ध्वज
मिर्जापुर। पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर सोमवार को पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्द में कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने पुलिस ध्वज फहराकर सलामी दी। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को ध्वज के महत्व और उत्तर प्रदेश पुलिस के गौरवशाली इतिहास की जानकारी देते हुए कर्तव्यनिष्ठा के साथ जनसेवा करने का संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत क्षेत्राधिकारी चुनार गायत्री यादव द्वारा पुलिस अधीक्षक का स्वागत करते हुए उनकी बाईं जेब के ऊपर पुलिस ध्वज का प्रतीक स्टीकर लगाने के साथ हुई। इसके बाद एसपी ने क्वार्टर गार्द पर पुलिस ध्वज फहराया और सलामी दी। पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए एसपी ने कहा कि पुलिस ध्वज हमारे चरित्र, गौरवशाली इतिहास, शौर्य और कर्तव्य परायणता का प्रतीक है। देश सेवा और लोक सेवा में उत्तर प्रदेश पुलिस ने अपने कौशल, साहस और समर्पण से महत्वपूर्ण योगदान दिया है। यह ध्वज पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। ध्वज को फहराते ही सभी में नई ऊर्जा और जिम्मेदारी का भाव जागृत होता है। एसपी ने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस देश का पहला राज्य पुलिस बल है, जिसे पुलिस ध्वज प्रदान किया गया था। 23 नवंबर 1952 को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने उत्तर प्रदेश पुलिस को पुलिस कलर और ध्वज प्रदान किया था। इसी दिन पीएसी बल को भी ध्वज प्रदान किया गया था। ध्वज चार फीट लंबा और तीन फीट चौड़ा है। इसमें ऊपर लाल और नीचे नीले रंग की पट्टी है। इसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 23 नवंबर को पुलिस झंडा दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश की ओर से पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए भेजे गए शुभकामना संदेश को भी एसपी ने सभी के साथ साझा किया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी लालगंज, क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User