नौबस्ता गल्लामंडी बंद करने की चेतावनी पर बैकफुट पर प्रशासन:60 व्यापारियों के लाइसेंस बहाल, 24 घंटे में मंडी बंद का फैसला वापस

Nov 23, 2026 - 20:07
0
नौबस्ता गल्लामंडी बंद करने की चेतावनी पर बैकफुट पर प्रशासन:60 व्यापारियों के लाइसेंस बहाल, 24 घंटे में मंडी बंद का फैसला वापस
कानपुर के नौबस्ता गल्ला मंडी में अतिक्रमण के नाम पर व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर सोमवार को जमकर विरोध प्रदर्शन हुआ। दुकानों के आगे बने टिनशेड और चबूतरों को अतिक्रमण बताकर 24 घंटे में हटाने का नोटिस देने और 60 व्यापारियों के लाइसेंस निलंबित करने के विरोध में भारतीय कृषि उत्पाद उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल ने धरना-प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने 24 नवंबर से मंडी अनिश्चितकालीन बंद करने का ऐलान भी कर दिया। इसके बाद मंडलीय उपनिदेशक प्रशासन संजय सिंह ने व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल से बातचीत करके 60 व्यापारियों और दाल मिल संचालकों के निलंबित लाइसेंस बहाल करने के आदेश दिए, जिसके बाद संगठन ने मंडी बंद करने का फैसला वापस ले लिया। 24 घंटे के नोटिस पर व्यापारियों ने किया प्रदर्शन राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र के नेतृत्व में मंडी परिषद के संभागीय उपनिदेशक कार्यालय के बाहर व्यापारियों ने धरना दिया। ज्ञानेश मिश्र ने कहा कि मंडी में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं। ऐसे में व्यापारियों ने दुकानों और सामान की सुरक्षा के लिए टिनशेड और चबूतरों को कवर कराया है। इन्हें बिना मौके की वास्तविक स्थिति जाने अतिक्रमण घोषित करना और महज 24 घंटे का नोटिस देकर लाइसेंस निरस्त करने व एफआईआर की चेतावनी देना गलत है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को कार्रवाई से पहले व्यापारियों के साथ बैठक करनी चाहिए और निष्पक्ष सर्वे कराना चाहिए। व्यापारियों की समस्याएं सुने बिना एकतरफा कार्रवाई स्वीकार नहीं की जाएगी। धरने के बाद प्रतिनिधिमंडल ने मंडलीय उपनिदेशक प्रशासन संजय सिंह को ज्ञापन सौंपा। दो दिन बाद फिर होगी बैठक व्यापारियों और मंडी अधिकारियों के बीच हुई वार्ता में 60 व्यापारियों के निलंबित लाइसेंस बहाल करने पर सहमति बनी। इसके बाद संगठन ने 24 नवंबर से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन मंडी बंद वापस लेने की घोषणा की। संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि दो दिन बाद मंडी समिति के अधिकारियों के साथ फिर बैठक होगी। इसमें टिनशेड, चबूतरों और नालियों के आगे अतिक्रमण के मुद्दे पर चर्चा की जाएगी। धरना-प्रदर्शन में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अजय वाजपेयी, जिला वरिष्ठ महामंत्री गोपाल शुक्ला, महामंत्री उदयभान सिंह पटेल, अर्जित गुप्ता अज्जू, राजेंद्र मिश्र, सत्यप्रकाश गुप्ता, रजत गुप्ता, मनोज द्विवेदी, संदीप तिवारी समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User