महोबा में बारिश से 2 लोगों की मौत:दर्जनों घर ढहे, बेला सागर उफान पर और कई गांवों का संपर्क टूटा
महोबा में 48 घंटे हुई मूसलाधार बारिश के बाद अब जलभराव और हादसे सामने आ रहे हैं। पिछले 24 घंटों में बारिश और मकान गिरने से 2 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि दर्जनों कच्चे मकान ढह गए। जैतपुर का बेला सागर तालाब उफान पर है। सरकारी दफ्तरों और घरों में पानी घुस गया है। दुनई नदी के उफान से दर्जनों गांवों का जैतपुर से संपर्क टूट गया है। कुलपहाड़ तहसील के जैतपुर में बेला सागर तालाब खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। ओवरफ्लो पॉइंट पर पानी का बहाव तेज है। यहां पहुंच रही भीड़ को पुलिस रोक रही है। जलभराव के कारण जीजीआईसी और बीआरसी परिसर जलमग्न हो गए हैं। इसके चलते जीजीआईसी स्कूल को बंद करना पड़ा। खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, पशु अस्पताल और श्रीनगर चौराहे की दुकानें भी पानी में डूब गई हैं। पठानपुरा, ड्योढ़ीपुरा और बायपास रोड के घरों में पानी भरने से लोग रातभर जागने को मजबूर हैं।
बारिस से दुनई नदी उफान पर जैतपुर ब्लॉक की दुनई नदी भी उफान पर है। रपटे के ऊपर से पानी बहने के कारण छतरवारा, कुड़ई, सारंगपुर, थुरट, हंसला, बसरिया और पीपरी समेत दर्जनों गांवों का जैतपुर से संपर्क कट गया है। पिछले 24 घंटों में बारिश के बीच हादसों में दो लोगों की जान चली गई। नकरा गांव में मकान गिरने से 58 वर्षीय किसान जयपाल की मौत हो गई। वहीं, रिवई गांव में ब्रह्मा नदी में बहे 50 वर्षीय वासुदेव कुशवाहा का शव एसडीआरएफ टीम ने 24 घंटे बाद बरामद किया। चरखारी के करहरा खुर्द में इंद्रपाल का कच्चा मकान महज 6 सेकंड में भरभराकर गिर गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। गौरहारी गांव में तीन कच्चे मकान गिर गए। चिचारा और ऐचाना गांव में भी कई मकान ढह गए। जरौली गांव में मकान के मलबे में फंसे 6 लोगों को दमकल कर्मियों ने सुरक्षित बाहर निकाला। जिले के सभी बांध क्षमता के करीब पहुंच गए हैं। स्थिति को देखते हुए डीएम प्रभास कुमार और एसपी शशांक सिंह ने बांधों का निरीक्षण किया। निचले इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है। आपदा प्रबंधन टीमों को 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)