महराजगंज में कच्चामकान ढहा 59 साल की महिला की मौत:पति बाल-बाल बचा, पुलिस ने जांच शुरू की; परिवार की आर्थिक स्थिति खराब
महराजगंज। कोल्हुई थाना क्षेत्र के जिगिनिहा गांव में रविवार सुबह कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिरने से बड़ा हादसा हो गया। मकान के मलबे में दबकर 59 वर्षीय महिला कुसुमी देवी की मौत हो गई। हादसे के समय उनके पति भी मकान में सो रहे थे, लेकिन वह हादसे में बाल-बाल बच गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि कुसुमी देवी अपने पति के साथ कच्चे मकान में रहती थीं। रविवार सुबह अचानक मकान का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया। महिला मलबे के नीचे दब गईं। आसपास मौजूद लोगों ने मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे में उनके पति सुरक्षित बच गए। परिजनों के अनुसार, परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। मृतका के दो बेटे थे, जिनमें से एक की पहले ही मौत हो चुकी है, जबकि दूसरा बेटा अपने ससुराल में रहता है। मृतका की दो बेटियों की शादी हो चुकी है। परिवार ने बताया कि कुसुमी देवी के पति का करीब चार महीने पहले सड़क हादसे में एक्सीडेंट हुआ था, जिसमें उनका पैर टूट गया था। इसके बाद से वह चलने-फिरने में भी परेशानी का सामना कर रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही कोल्हुई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी जुटाई। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। महिला की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए प्रशासन से मदद दिलाने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)