पिता बोले- दामाद ने बेटी-नातिन को मारकर लटकाया:गाजियाबाद में नर्स से अफेयर था; सिर्फ तख्त पर कुंडे से फंदा कैसे लगाएगी
गाजियाबाद में मां-बेटी के शव एक ही फंदे पर लटके मिले। ससुराल वाले इसे सुसाइड बता रहे, लेकिन पिता ने हत्या के आरोप लगाए हैं। दैनिक भास्कर से बातचीत में पिता ने कहा- दामाद का एक नर्स से अफेयर चल रहा था। बेटी इसका विरोध करती थी इस पर वो बेरहमी से बेटी को पीटता था। 2 दिन उसे लगातार पीटा और प्रताड़ित किया। मां-बेटी के फंदे एक जैसे थे। दोनों लगभग एक ही हालत में लटके मिले। बेटी का एक पैर तख्त पर मुड़ा था। पास में कोई स्टूल या कुर्सी नहीं मिली। ऐसे में तख्त से इतने ऊपर छत के कुंडे से बेटी कैसे फंदा लगा सकती है? दामाद ने ही मेरी बेटी और 3 साल की नातिन को मारकर लटकाया। घटना शुक्रवार (25 सितंबर) शाम की है। शनिवार शाम दोनों का पोस्टमॉर्टम हुआ और शव घरवालों को सौंपे गए। पढ़िए पिता ने और क्या सवाल उठाए… पति मैक्स हॉस्पिटल में टेक्नीशियन है उन्नाव जिले के थाना माकी क्षेत्र में चकलवंशी गांव है। यहां रहने वाले किसान अवधेश सिंह की बेटी प्रीति (30) की शादी 16 जून, 2021 को हरदोई के सांपखेड़ा निवासी अनिरुद्ध उर्फ सोनू (33) से हुई थी। सोनू गाजियाबाद के मैक्स हॉस्पिटल में टेक्नीशियन है। अनिरुद्ध, प्रीति और 3 साल की बेटी अक्षिता के साथ शंकर विहार में किराए पर रहत था। पिता बोले- दरवाजा तोड़ने की बात झूठी, कोई वीडियो भी नहीं अनिरुद्ध का दावा है कि शुक्रवार शाम करीब 6.30 बजे वह पीने का पानी और पत्नी की दवा लेने घर से बाहर गया था। इसी दौरान प्रीति ने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया। जब वह घर लौटा, तो दरवाजा बंद मिला। खिड़की से देखा, तो पत्नी और बेटी फंदे से लटकी थी। उसने दावा किया कि पत्नी ने बेटी की हत्या कर सुसाइड किया है। वहीं, इस मामले में पुलिस अफसरों का कहना है कि पुलिस के पहुंचने से पहले लोगों ने दरवाजा तोड़कर अंदर जाने की बात कही थी। लेकिन, पिता अवधेश सिंह ने इस पूरे मामले में सवाल उठाते हुए कहा है कि कोई भी ऐसा वीडियो नहीं है, जिसमें बाहर से दरवाजा तोड़ा गया हो। दरवाजा तोड़ने की बात झूठी है। पिता बोले- दो शव बराबर कैसे लटके मिले अवधेश सिंह ने कहा- जिस फंदे से प्रीति और नातिन का शव लटका मिला है, उन दोनों के फंदे बिल्कुल एक जैसे थे। दोनों एक जैसी हालत में थे। बेटी का एक पैर तख्त पर मुड़ा था। पास में कोई स्टूल या कुर्सी भी वीडियो में नहीं दिखा। अगर वीडियो बनाया था, तो वह गिरा हुआ दिखाई देता। आखिर इतनी ऊंचाई पर चढ़कर प्रीति कैसे फंदा लगा लेगी? पिता ने यह भी कहा कि प्रीति का चेहरा भी नीचे की तरफ था, जिससे संदेह हो रहा है। बालाजी से लौटने के बाद भी दामाद ने खूब पीटा प्रीति के पिता ने बताया- दामाद अनिरुद्ध का चाल-चलन ठीक नहीं था। वह लगातार बेटी को परेशान करता था। सभी राजस्थान के मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन करके लौटे थे। इसके बाद भी उसने 24 सितंबर को बेटी के साथ मारपीट की। उसने ये बात हमें फोन करके बताई थी। अगले दिन 25 सितंबर को फिर घर में झगड़ा हुआ था। दामाद ने फिर बेटी को पीटा था। इसके बाद दामाद ने दोनों की हत्या कर फंदे पर लटका दिया। अनिरुद्ध की बहन बोली- काफी देर खटखटाने के बाद दरवाजा नहीं खुला अनिरुद्ध की बहन रिंकी उसी घर के निचले हिस्से में परिवार के साथ रहती है। रिंकी ने बताया- मेरी बेटी शाम को पहली मंजिल पर अपनी मामी (प्रीति) के कमरे में गई थी। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक दरवाजा हाथ से खटखटाती रही। दरवाजा नहीं खुला, तो खिड़की से देखा। बेटी अंदर का सीन देखकर घबरा गई। वह भागकर आई और बोली- मम्मी, जल्दी चलो। ऊपर देखो मामी और अक्षिता लटकी हैं। मैं जब वहां पहुंची, तो भाभी और भतीजी को फंदे पर लटके देखा। इसके बाद भाई को फोन करके बुलाया। फिर सभी ने मिलकर दरवाजा तोड़ा। इसके बाद अनिरुद्ध ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। पति बोला- पत्नी से अक्सर झगड़ा होता था अनिरुद्ध ने पुलिस को पूछताछ में बताया- पत्नी मुझ पर शक करती थी। उसे लगता था कि मेरा दूसरी महिला से अफेयर है। कई बार रात में मोबाइल चलाने को लेकर भी उससे मेरा झगड़ा होता था। हम 24 सितंबर को ही मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन करके लौटे थे। अगले दिन दोपहर को भी उसने मुझसे झगड़ा किया था। ACP इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य का कहना है कि शनिवार शाम मां-बेटी के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। अभी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट नहीं आई है। पुलिस पूरे सबूत के आधार पर जांच कर कार्रवाई कर रही है। पुलिस जब मौके पर पहुंची थी, तो आसपास के लोगों ने बताया था कि दरवाजा अंदर से बंद था जिसे तोड़ा गया है। दोनों शव लटके हुए मिले। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से ही मौत के कारणों का सही पता चल सकेगा। ------------------------------ ये खबर भी पढ़िए- गंगा एक्सप्रेस-वे पर भाजपा विधायक के हादसे का VIDEO:120 की स्पीड में फॉर्च्यूनर का टायर फटा, 200 मीटर फिसलते हुए पोल से टकराई बुलंदशहर में डिबाई सीट से भाजपा विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी का शनिवार शाम एक्सीडेंट हो गया। विधायक सुबह 11 बजे लखनऊ से गाजियाबाद के लिए रवाना हुए थे। बारिश के दौरान गंगा एक्सप्रेस-वे पर उनकी फॉर्च्यूनर का अगला टायर अचानक फट गया। इससे कार बेकाबू हो गई और फिसलते हुए सड़क किनारे लगे पोल से टकराई। हादसे का CCTV सामने आया है। पढ़ें पूरी खबर...
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)