मुरादाबाद खादी महोत्सव में पहले दिन 2 लाख की बिक्री:130 स्टालों पर देशभर के स्वदेशी उत्पाद उपलब्ध
मुरादाबाद के दीनदयाल नगर स्थित युवा केंद्र में गुरुवार को मुरादाबाद खादी महोत्सव-2026 शुरू हुआ। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शेफाली सिंह चौहान ने फीता काटकर इसका उद्घाटन किया। पहले दिन करीब दो लाख रुपये के उत्पाद बिके। उद्घाटन के बाद डॉ. शेफाली सिंह चौहान ने प्रदर्शनी के स्टाल देखे। यहां देश के अलग-अलग राज्यों और उत्तर प्रदेश के जिलों से आए कारीगरों और उद्यमियों के उत्पाद रखे गए हैं। उन्होंने कारीगरों के काम और उत्पादों की गुणवत्ता की सराहना की। उन्होंने कहा कि खादी और ग्रामोद्योग के उत्पाद आत्मनिर्भरता और स्वदेशी भावना को बढ़ावा देते हैं। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था भी मजबूत होती है। महोत्सव में 130 स्टाल लगाए गए हैं। यहां उत्तराखंड के ऊनी रेडीमेड कपड़े, सहारनपुर के लकड़ी के हस्तशिल्प, कन्नौज का इत्र और मेरठ के अचार उपलब्ध हैं। जम्मू-कश्मीर के ऊनी शॉल और ड्राई फ्रूट्स, राजस्थान की नमकीन, पंजाब की जूती और बिहार के भागलपुर की खादी भी रखी गई है। इसके अलावा सिल्क खादी, शुद्ध शहद, जैविक गुड़, शक्कर, मसाले और भदोही के कालीन भी बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी सत्यवीर सिंह ने बताया कि मंडल स्तरीय प्रदर्शनी को 130 स्टालों के साथ राष्ट्रीय प्रदर्शनी का रूप दिया गया है। इसका उद्देश्य खादी और ग्रामोद्योग से जुड़े कारीगरों व उद्यमियों को उत्पाद बेचने के लिए मंच देना है। उन्होंने शहरवासियों से महोत्सव में पहुंचकर स्वदेशी उत्पाद खरीदने की अपील की। सत्यवीर सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहन मिलता है। लोगों को देशभर के पारंपरिक हस्तशिल्प और उत्पाद एक ही जगह देखने और खरीदने का मौका मिलता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)