जुगाड़ वाहन ने ढाई साल की मासूम को कुचला:मठिया पर गणपति प्रतिमा रखकर घर लौट रही दिव्यांशी की मौके पर मौत, आरोपी चालक गिरफ्तार
बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र में एक अनियंत्रित जुगाड़ वाहन ने ढाई साल की मासूम दिव्यांशी को अपनी चपेट में ले लिया। दाल के कट्टों से लदे इस भारी वाहन के नीचे दबने से बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे मोहल्ले में कोहराम मच गया और गुस्साए स्थानीय लोगों ने भागने की फिराक में लगे चालक को दबोच कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। मठिया पर भगवान गणेश की प्रतिमा रखकर लौट रही थी मासूम माधोबाड़ी नई बस्ती निवासी छोटू की ढाई वर्षीय बेटी दिव्यांशी घर के नजदीक बनी मठिया पर भगवान गणेश की मूर्ति रखने गई थी। पूजा के बाद जब वह वापस अपने घर की ओर लौट रही थी, तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक जुगाड़ वाहन ने उसे रौंद दिया। वाहन पर दाल के कई भारी कट्टे लदे होने के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और मासूम पहियों के नीचे आ गई। भागने की कोशिश कर रहे चालक को भीड़ ने पकड़ा, पुलिस जांच में जुटी दुर्घटना को अंजाम देने के बाद घबराए चालक ने मौके से फरार होने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क मोहल्लेवासियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। चीख-पुकार सुनकर मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही सीओ तृतीय शिवम आशुतोष पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर वाहन जब्त कर लिया है और बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। नई सड़क पर स्पीड ब्रेकर की अनदेखी बनी मासूम की मौत का कारण हादसे के बाद स्थानीय निवासियों में प्रशासन के प्रति गहरा आक्रोश देखा गया। लोगों का आरोप है कि इलाके में हाल ही में नई सड़क का निर्माण कराया गया है, जिस पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की गई थी। अवरोधक न होने के कारण व्यावसायिक और जुगाड़ वाहन घनी आबादी के बीच से बेखौफ और तेज गति से गुजरते हैं, जिसकी कीमत एक मासूम को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। किलकारियों की जगह पसरा मातम, सिस्टम पर उठे गंभीर सवाल जिस आंगन में कुछ ही देर पहले दिव्यांशी की किलकारियां गूंज रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। इस घटना ने रिहायशी इलाकों में अवैध और ओवरलोड जुगाड़ वाहनों के संचालन पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)